Monday, October 19th, 2026

कंगना रनौत मुंबई पुलिस के सामने हुईं पेश, सोशल मीडिया पर एंटी-सिख पोस्ट मामले में बयान दर्ज

नई दिल्ली
एक्ट्रेस कंगना रनौत गुरुवार को मुंबई पुलिस के सामने पेश हुईं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालने को लेकर एक्ट्रेस के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस पोस्ट में कथित तौर से एक्ट्रेस द्वारा किसान आंदोलन को एक अलगाववादी संगठन से जोड़ा गया था। इस मामले में रनौत सुबह 11 बजे खार पुलिस स्टेशन पहुंची थीं। कंगना रनौत के खिलाफ एक सिख संगठन ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद पिछले महीने उनपर एफआईआर दर्ज किया गया था। कंगना रनौत के वकील रिजवान सिद्दीकी ने बताया कि एक्ट्रेस अपना बयान दर्ज करवाने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंची थीं।

पुलिस ने जारी किया था नोटिस
पुलिस ने इससे पहले एक्ट्रेस को नोटिस जारी किया था। उनके वकील ने बॉम्बे हाईकोर्ट को जानकारी दी थी कि वो 22 दिसंबर से पहले खार पुलिस स्टेशन में हाजिर होंगी। हालांकि, बुधवार को उनके वकील ने उनके थाने में हाजिर होने को लेकर अन्य तारीख की मांग की। पुलिस ने इससे पहले हाईकोर्ट को बताया था कि वो 25 जनवरी, 2022 तक एक्ट्रेस को उनके सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में गिरफ्तार नहीं करेंगे। हाईकोर्ट ने रनौत के बोलने की आजादी के पक्ष को देखते हुए अंतरिम-राहत दी थी। रनौत ने हाईकोर्ट का रूख किया था और खार पुलिस स्टेशन में अपने ऊपर दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग भी की थी।

क्या है FIR में
जो एफआईआर कंगना रनौत के खिलाफ दर्ज किया गया था उसमें एक सिख संगठन ने आरोप लगाया था कि अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दिल्ली की सीमा पर धरने देने वाले किसानों के आंदोलन को खालिस्तानी मूवमेंट कहा है। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में कंगना के खिलाफ जानबूझ कर समुदाय विशेष की धारणा को ठेस पहुंचाने का केस दर्ज किया था।

 

 

#Kangana Ranaut

Source : Agency

पाठको की राय