Wednesday, October 21st, 2026

कमला नेहरू अस्पताल अग्निकांड : CM शिवराज ने बुलाई आपात बैठक, अफसरों पर गिर सकती है गाज

भोपाल
भोपाल के हमीदिया अस्पताल स्थित कमला नेहरू चिकित्सालय अग्निकांड के बाद सरकार एक्शन मूड में आ गयी है. राजधानी के मुख्य सरकारी अस्पताल में हुए इस हादसे ने सरकार की किरकिरी कर दी है. सीएम शिवराज ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है और आज उन्होंने आपात बैठक बुलायी है. इसमें मंत्री और आला अफसर शामिल होंगे.

कमला नेहरू अस्पताल में हुए भयावह अग्निकांड में 4 बच्चों की मौत हो गयी है. ये सरकारी आंकड़ा है. सही संख्या इससे कहीं अधिक बतायी जा रही है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस घटना को लेकर पहले ही साफ कर चुके हैं कि लापरवाह लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. अब उन्होंने एक आपात बैठक बुलाई है. यह माना जा रहा है कि इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कुछ सख्त फैसले ले सकते हैं.

आज हो रही इस बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रभुराम चौधरी, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, भोपाल के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह, मुख्य सचिव, पीएस हेल्थ, पीएस गृह मौजूद रहेंगे. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री बैठक के दौरान अग्निकांड के लिए दोषी अधिकारियों के खिलाफ एक्शन भी ले सकते हैं.

हादसे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने सख्त तेवर दिखा चुके हैं. उन्होंने घटना के बाद कहा था कि भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल में हुई हृदय विदारक घटना से मन और आत्मा व्यथित है. मुख्यमंत्री चौहान ने कहा जिन लोगों ने अपनी जान हथेली पर रखकर 36 बच्चों को सुरक्षित निकाला है उनका सम्मान किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि यह बहुत गंभीर घटना है यह आपराधिक लापरवाही है.जांच के निर्देश दे दिए गए हैं जो भी दोषी होगा उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा.

 

#Kamala Nehru Hospital fire

Source : Agency

पाठको की राय