कमलनाथ और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे 4 अप्रैल को प्रदेश युकां की समीक्षा
भोपाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और युवा कांग्रेस के राष्टÑीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी प्रदेश युवा कांग्रेस की समीक्षा करने जा रहे हैं। दोनों ही नेताओं का युवा कांग्रेस के एक बूथ-पांच यूथ अभियान पर फोकस रहेगा। समीक्षा बैठक 4 अप्रैल को भोपाल में होगी। जिसमें सभी जिला अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों को भोपाल बुलाया गया है।
युवा कांग्रेस को करीब 6 महीने पहले एक बूथ-पांच यूथ अभियान दिया गया था। इस अभियान में हर बूथ पर युवा कांग्रेस को पांच युवा नेता तैयार करने थे। प्रदेश के 65 हजार बूथ पर 3 लाख 25 हजार युवाओं को जोड़ना था। युवा कांग्रेस अब तक इस टारगेट का महज 20 प्रतिशत ही लक्ष्य तय कर सकी है। करीब 14 हजार बूथ पर ही इन 6 महीनों में उसने 5 यूथ को जोड़ा है। करीब 50 हजार बूथों पर उसका काम चल रहा है। इसकी पूरी रिपोर्ट सभी जिला और विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों से बुलाई गई है।
व्यापमं पर प्रदर्शन की बनेगी रणनीति
समीक्षा के अलावा इस बैठक में युवा कांग्रेस को व्यापमं पर प्रदेश भर में आंदोलन, धरने और प्रदर्शन करने का नाथ कह सकते हैं। इसके लिए प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को प्लान लेकर बैठक में रखना है। यदि भूरिया का प्लान आला नेताओं को ठीक लगा तो इसी प्लान अनुसार प्रदर्शन किया जाएगा, नहीं तो कमलनाथ अपनी तरफ से इन्हें प्रदर्शन कैसे और किस-किस स्तर पर कब-कब करना है यह प्लान देंगे।
सदस्यता अभियान आज शाम को होगा खत्म
प्रदेश में एक नंवबर से चल रहे सदस्यता अभियान का आज आखिरी दिन है। आज शाम तक सभी को सदस्य बनाना है। पहली बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के अलावा प्रकोष्ठों के साथ ही कांग्रेस के अनुषांगिक संगठनों को भी सदस्य बनाने की जिम्मेदारी दी थी। प्रदेश में 50 लाख सदस्य बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए दो लाख 55 हजार किताबें वितरित की गई थीं। एक किताब में 25 सदस्य बनाए जा सकते हैं और इस हिसाब से करीब 64 लाख सदस्य बन सकते हैं। इसके अलावा डिजिटली भी सदस्य बनाए जाने की पहली बार व्यवस्था प्रदेश में हुई है। एक अप्रैल को सदस्यता की सभी किताबें जिला अध्यक्षों के पास जमा होगी। जिन्हें एक दो दिन के भीतर ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जमा करना होगा।

पाठको की राय