सागर विश्वविद्यालय में नमाज पर भड़के कैलाश विजयवर्गीय, कहा- ये सिमी के लोग, अर्बन नक्सली जैसे
ग्वालियर।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने सागर विश्वविद्यालय में नमाज पढ़ने के मामले पर छिड़े विवाद को लेकर कहा कि ऐसे लोग देश में सामाजिक समरसता के ताने-बाने को तोड़ना चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ये सिमी के लोग हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर पहुंचे विजयवर्गीय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विश्वविद्यालय में नमाज पढ़ने वाले लोग अर्बन नक्सलियों जैसे ही हैं जो देश का माहौल खराब करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। विजयवर्गीय ने कहा कि यदि किसी ने भी ऐसा किया है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इसे लेकर यूनिवर्सिटी के साथ सरकार को भी कदम उठाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था वीडियो
आपको बता दें कि सागर के केंद्रीय विश्वविद्यालय में एक छात्रा के क्लास रूम में नमाज पढ़ने का मामला आज सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। छात्रा यूनिवर्सिटी के एजुकेशन डिपार्टमेंट में नमाज पढ़ती हुई दिखाई दे रही है। वायरल वीडियो में छात्रा हिजाब पहने है और नमाज पढ़ने के लिए उसने चादर बिछा रखी है।
विश्वविद्यालय ने बनाई जांच कमेटी
वीडियो वायरल होने के बाद इस संबंध में जांच के लिए विश्वविद्यालय की ओर से एक कमेटी बनाई गई है। इसके साथ ही सभी छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि विश्वविद्यालय सांप्रदायिक कार्य के लिए नहीं है और ऐसे कार्य केवल घर या धार्मिकस्थल पर किए जाएं। यह विश्वविद्यालय है और यहां केवल पठन-पाठन का माहौल बनाए रखें।

पाठको की राय