Tuesday, October 20th, 2026

Kabirdham: काउंसलिंग में पारदर्शिता रखने के लिए खाली पदों को दिखाने की मांग, टीचर्स एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

दुर्ग.

छग टीचर्स एसोसिएशन ने सोमवार को शासन स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के संचालक, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के नाम ज्ञापन सौंपकर काउंसलिंग में पारदर्शिता के लिए संभाग में हिंदी शिक्षक के समस्त रिक्त पद को प्रदर्शित करने की मांग किया है। जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चन्द्रवंशी बताया कि संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग द्वारा 18 जनवरी 2024 को जारी पत्र के अनुसार एलबी संवर्ग के सहायक शिक्षक से शिक्षक हिंदी विषय में पदोन्नति पश्चात पदांकन के लिए 24 जनवरी को दुर्ग में काउंसलिंग का आयोजन किया गया है।

इसके लिए उपलब्ध कराए गए सूची में जिला व संभाग के कुछ पदों को ही प्रदर्शित किया गया है। ज्यादातर स्कूल के रिक्त पदों को नहीं दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष अप्रैल-मई 2023 में शिक्षा संभाग दुर्ग द्वारा पदोन्नति पश्चात पदांकन के लिए इसी प्रकार काउंसलिंग में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान व सामाजिक विज्ञान के सभी रिक्त पदों को प्रदर्शित नहीं किए जाने के कारण पदांकन संशोधन का विवादित मामला सामने आया था। इसका निराकरण अब तक नहीं हो पाया है। इस बार का पदांकन निर्विवाद रूप से शिक्षकों के हित मे सम्पन्न हो, इसके लिए काउंसलिंग में शिक्षक हिंदी के सभी रिक्त पद को दिखाया जाना आवश्यक है।

366 पदोन्नत सहायक शिक्षकों की होगी काउंसलिंग
कार्यालय संयुक्त संचालक दुर्ग द्वारा जारी पदोन्नति सूची के अनुसार संभाग के 366 सहायक शिक्षकों को शिक्षक हिंदी पद पर पदोन्नत किया गया है। इनका पदांकन काउंसलिंग से किया जाना है, जिसमें ई-एलबी संवर्ग के 316 व टी-एलबी संवर्ग के 50 शिक्षक शामिल है। पदोन्नति से कबीरधाम जिले से 80 सहायक शिक्षक लाभान्वित होंगे। गौरतलब हैं कि दुर्ग संभाग में बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग व कबीरधाम जिले आते है। हालांकि, वर्तमान समय में राजनांदगांव जिले में दो नए जिले बनाए गए है। इसमें मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी व खैरागढ़ छुईखदान गंडई (केसीजी) शामिल हैं।

 

#Teachers Association#submitted memorandum#show vacant posts#transparency counselling.

Source : Agency

पाठको की राय