Wednesday, October 21st, 2026

मालवा में बढ़ेगी ज्योतिरादित्य की एक्टिविटी, दौरे पर कयासबाजी का दौर तेज

भोपाल
राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया का प्रभाव ग्वालियर-चंबल से लेकर मालवा तक है,लेकिन भाजपा में आने के करीब सवा साल तक वे मालवा में इतने सक्रिय नहीं थे, जितने वे पहले रहते थे। भाजपा में आने के बाद वे पहली बार मालवा के एक साथ सात जिलों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं  से मुलाकात करने आ रहे हैं।

बताया जाता है कि सिंधिया रविवार को नीमच में अपने कुछ समर्थकों और परिचितों के घर पर जाएंगे। इसके साथ ही वे पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। रात में वे मंदसौर आ जाएंगे, जहां पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात होगी। इसके बाद अगले दिन सुबह वे कुछ लोगों के घर पर मुलाकात करने और कोरोना के दौरान दिवंगत हुए लोगों के घर भी जाएंगे। रतलाम जिले के वे कई कस्बों में जाएंगे। जावरा, पिपलोदा के साथ रतलाम शहर के लोगों से भी वे मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे धार जिले के बदनावर में पहुंचेंगें। यहां से वे धार भी जाएंगे। इसके अगले दिन उज्जैन और देवास में भी उनके कार्यक्रम हैं। यहां पर भी वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।  

नरेंद्र मोदी सरकार में जल्द शपथ लेने की चर्चाओं के बीच सिंधिया का मालवा दौरे को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि मालवा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से जुड़ने के लिए सिंधिया का यह दौरा महत्वपूर्ण है। वे नीमच, मंदसौर, धार, रतलाम, उज्जैन, देवास और इंदौर जाएंगे। उनका यह दौरा रविवार से शुरू हो रहा है। इस दौरान वे एक रात मंदसौर में भी रूकेंगे।

 

#Jyotiraditya

Source : Agency

पाठको की राय