सड़कों सहित अंचल को कई सौगातें देंगे ज्योतिरादित्य
ग्वालियर
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री आज से तीन दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर आ रहे हैं। श्री सिंधिया आज अपरान्ह 3.10 बजे विमान द्वारा यहां राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुंचें।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया 10 सितम्बर को अपरान्ह 3.30 बजे श्याम वाटिका बिरलानगर में अनुसूचित जाति समाज के प्रतिनिधियों की बैठक में भाग लिया। इसके बाद शाम को 5.30 बजे टाउन हॉल बाड़ा पहुंचकर बघेल समाज के कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। यहां से श्री सिंधिया कोरोना के खिलाफ लड़ाई में योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के लिये शाम के 6.45 बजे बृंदावन वाटिका गोला का मंदिर में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया 11 सितम्बर को सुबह 9 बजे ग्वालियर से भितरवार क्षेत्र के भ्रमण के लिये रवाना होंगे। श्री सिंधिया प्रात: 11.30 बजे चिटौली ग्राम पंचायत के अंतर्गत लखेश्वरी माता प्रांगण में माता के दर्शन करने पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे चिटौली, रानीघाटी मार्ग (11.4 किलोमीटर लम्बे) और भितरवार करहिया रोड़ (10.76 किलोमीटर लम्बे) के निर्माण की अधारशिला रखेंगे। इन दोनों सड़कों का निर्माण एमपीआरडीसी द्वारा किया जा रहा है।
इसी क्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया दोपहर 1.15 बजे भितरवार पहुंचकर जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जल जीवन मिशन व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। भितरवार में अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद श्री सिंधिया अपरान्ह 4.45 बजे वापस ग्वालियर लौटेंगे और गोरखी मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके बाद शाम 6.15 बजे शीतला सहाय आॅडिटोरियम कैंसर पहाडी पहुंचकर इंडिया न्यूज द्वारा आयोजित 'मंच ग्वालियर' कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया शाम 7.30 बजे चेम्बर आॅफ कॉमर्स के सभागार में आयोजित रोटरी क्लब के कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। ग्वालियर प्रवास के दौरान केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया 12 सितम्बर को प्रात: 9.30 बजे नई सड़क स्थित चंपाबाग पहुँचकर जैन समाज के क्षमावाणी पर्व में शामिल होंगे।
इसके पश्चात प्रात: 10.30 बजे शिवपुरी लिंक रोड़ स्थित केदारपुर पहुंचकर पट्टा वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। श्री सिंधिया अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद दोपहर 12.30 बजे एम्पायर रिसोर्ट झांसी रोड़ पहुंचकर पार्टी के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की बैठक में सम्मिलित होंगे। इसके बाद अपरान्ह 3 बजे विमानतल पहुंचकर वायुयान द्वारा नई दिल्ली के लिये रवाना हो जाएंगे।

पाठको की राय