Saturday, October 24th, 2026

एसटीएफ की हिरासत में PWD का जूनियर इंजीनियर, इंटरनेट मीडिया पर चल रहा था नाम

उत्तरकाशी
यूकेएसएसएससी (उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) के पेपर लीक प्रकरण में एसटीएफ की टीम ने लोक निर्माण विभाग बड़कोट में तैनात जूनियर इंजीनियर अरविंद रावत को हिरासत में लिया है। पेपर लीक मामले में अरविंद रावत का नाम इंटरनेट मीडिया पर चल रहा था। वहीं अभी तक इस प्रकरण में 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस रिमांड में एसटीएफ खुलवाएगी हाकम से राज
वहीं पेपर लीक प्रकरण का मास्टमाइंड हाकम सिंह रावत और हाकम के करीबी बर्खास्त शिक्षक तनुज शर्मा को एसटीएफ ने पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया है। आरोपित हाकम सिंह रावत की उत्तराखंड व विदेश में करोड़ों रुपये की संपत्ति है। मास्टमाइंड हाकम सिंह रावत का एसटीएफ ने तीन दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड लिया है। आज मंगलवार से आरोपित का रिमांड शुरू हो गया है।

तनुज शर्मा का दो दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड
रिमांड के दौरान एसटीएफ उत्तर प्रदेश में बैठे नकल माफिया, हाकम के साथ विदेश दौरे पर जाने वाले अधिकारियों व नेताओं की जानकारी मांगेगी। इसके अलावा अब तक वह कितनी भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक करवा चुका है और इसमें उसके साथ कौन-कौन शामिल हैं, इसका पता भी एसटीएफ लगाएगी। साथ ही एसटीएफ ने हाकम के करीबी बर्खास्त शिक्षक तनुज शर्मा का दो दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड लिया है। इस दौरान दोनों आरोपितों को एसटीएफ मोरी व धामपुर लेकर जाएगी।

 

#Junior Engineer

Source : Agency

पाठको की राय