जूडा को तीन महीने से नहीं मिला स्टायपेंड, आंदोलन की चेतावनी
भोपाल
राजधानी के गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) सहित प्रदेशभर के जूनियर डॉक्टरों (जूडा) को तीन महीने यानी जनवरी, फरवरी और मार्च महीने का स्टायपेंड नहीं मिला है। ऐसे में उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं, दूसरी तरफ जीएमसी के चिकित्सा शिक्षकों का विवाद जस का तस बना हुआ है। वे लगातार काम बंद करने का आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में यदि जूडा ने भी काम बंद कर दिया तो मरीजों की हालात बहुत खराब हो जाएगी। इधर, आज हमीदिया अस्पताल में डॉक्टरों ने अपने आंदोलन के तहत दोपहर 12 बजे से लेकर 2 बजे तक ओपीडी में काम नहीं किया। ऐसे में यहां पर आने वाले मरीजों को परेशान होना पड़ा तो कई मरीजों को बिना इलाज के घर लौटना पड़ा।
एरियर नहीं मिलने पर आंदोलन जारी
हमीदिया अस्पताल में चिकित्सा शिक्षकों का एरियर नहीं मिलने पर उनका लगातार आंदोलन जारी है। सोमवार को दोपहर में काम बंद होने के कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां पर सीनियर डॉक्टरों और कंस्लटेंट ने दोपहर में दो घंटे विरोध स्वरुप काम बंद किया। आंदोलन के तहत डॉक्टरों द्वारा रोजाना काम बंद हड़ताल में एक घंटे की बढ़ोत्तरी की जा रही है। यह आंदोलन 28 मार्च से जारी है।

पाठको की राय