पत्रकार से मारपीट,दो आरोपी पकड़ाए
रायपुर
मोमीनपारा में बुधवार रात हुए पार्किंग को लेकर विवाद के बाद बदमाशों ने पत्रकार ताहिर हैदरी और उनके परिवार पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद मोहल्ले वालों ने बड़ी मुश्किल से उनकी जान बचाई। इसके बाद पत्रकार साथियों के साथ ताहिर आजाद चौक थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज करवाई गई। मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सहयोग किया और दो आरोपी युवकों को मौके पर जाकर पकड़ा।
प्रार्थी ताहिर हैदरी ने बताया कि हैदरी मस्जिद मोमिनपारा में उनका घर है। वहां उनकी आॅल्टो कार पार्क रहती है। गाड़ी के पीछे हांडीपारा के रहने वाले असरफ खान ऊर्फ असरू का आॅटो खड़ा रहता है। उसका आॅटो कुछ दिनों से खराब है। इस बीच असरफ ने एक नया आटो खरीद लिया। अब इसको रखने की यहां जगह है नहीं।
आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद हो गया। उसका कहना था कि अपनी कार कहीं और ले जाकर खड़ी करो।
बुधवार शाम ताहिर घर में नहीं थे। तब उनकी बेटी मिस्बाह ने कॉल कर बताया कि कोई आदमी उनसे मिलने आया है। फोन पर बात की तो दूसरी तरफ असरफ खान था। आरोप है कि गुस्से में तमतमाया हुआ असरफ ने कहा कि कार के टायर पंक्चर कर दिए हैं। गाड़ी नहीं हटाई तो टायर फाड़ दूंगा, तोडफोड़ कर दूंगा। हड़बड़ा कर ताहिर अपने घर के पास पहुंचे। कहा कि टायरों में हवा ही नहीं है गाड़ी कैसे हटेगी। ये सुनकर असरफ झुंझला उठा और ताहिर से मारपीट करने लगा। हाथापाई के बीच असरफ का भाई नासिर खान तलवार लेकर पहुंच गया। तलवार लहराकर उसने हमला करने की कोशिश की। जैसे तैसे वे भागकर एक दुकान में छिप गए और जब मोहल्ले के लोग पहुंचे तब कहीं जाकर उन्होने आजाद चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पाठको की राय