Monday, October 26th, 2026

ऊर्जा साक्षरता अभियान से जुड़ें, जलवायु परिवर्तन से निपटने में बनें सहभागी

भोपाल

ऊर्जा साक्षरता अभियान में आप भी जुड़ सकते हैं। अभियान से जुड़ना पूर्णत: नि:शुल्क है। वेब पोर्टल www.usha.mp.gov.in और मोबाइल एप UShA के माध्यम से पंजीकरण कराएँ। मोबाइल एप UShA को गूगल प्ले-स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। प्रतिभागी अपनी सुविधा अनुसार ऑनलाइन पद्धति से बहुविकल्पीय प्रश्नों के रूप में एक परीक्षा में भाग ले सकेंगे। वर्तमान में 12 कोर्स मॉड्यूल प्रचलन में हैं। उत्तरों के आधार पर प्रतिभागियों को त्रि-स्तरीय ऑनलाइन ऊर्जा साक्षरता प्रमाण-पत्र दिया जाता है।

उल्लेखनीय है कि ग्लोबल वॉर्मिंग और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिये प्रदेश में ऊर्जा साक्षरता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में ऊर्जा के व्यय एवं अपव्यय, ऊर्जा के पारंपरिक एवं वैकल्पिक साधनों की जानकारी और इनका पर्यावरण पर प्रभाव, ऊर्जा संरक्षण एवं प्रबंधन के बारे में लोगों को जागरूक किया जाता है। ऊर्जा एवं ऊर्जा के उपयोग के बारे में सार्थक संवाद स्थापित करने के साथ प्रतिभागियों में ऊर्जा उपयोग के प्रभावों और परिणामों की समझ के आधार पर इसके दक्ष उपयोग के लिये निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। प्रतिभागियों को पर्यावरणीय जोखिम एवं जलवायु परिवर्तन के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के साथ विभिन्न ऊर्जा तकनीकों के चयन के लिये भी सक्षम बनाया जाता है।

 

 

#ऊर्जा साक्षरता अभियान

Source : Agency

पाठको की राय