Saturday, October 24th, 2026

झारखंड में बांग्लादेशी अवैध घुसपैठ पर जेएमएम का पलटवार, भ्रम की स्थिति पैदा कर रही BJP

रांची.

झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों की घुसपैठ को लेकर बवाल मचा हुआ है। इस पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों के कारण 'सांप्रदायिक जनसांख्यिकी' के बारे में बात कर रही है। राज्य में भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है।

भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार ने कल हमारे राज्य में घुसपैठ को लेकर हाईकोर्ट में चल रहे मामले में एक हलफनामा दायर किया है। हमने उस हलफनामे को भी पढ़ा है। अगली सुनवाई से पहले बीजेपी का बयान आया कि जनसांख्यिकी बदल गई है, बांग्लादेशी घुसपैठ हुई है। भट्टाचार्य ने कहा, 'भारत सरकार और उनके अधिकारियों ने कहीं भी उल्लेख नहीं किया है कि संथाल परगना क्षेत्र में बांग्लादेशी लोग आ रहे हैं और रह रहे हैं, उस हलफनामे में जनगणना 2011 को आधार बनाया गया है।' भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र ने हलफनामा दायर कर झारखंड में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों की मौजूदगी स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा, 'झारखंड में भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। क्योंकि चुनाव आ रहे हैं, बीजेपी के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए सांप्रदायिक जनसांख्यिकी की बात की जा रही है। यह कैसा खेल चल रहा है, इसमें अदालत को क्यों लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोर्ट में जो चल रहा है, उस पर पार्टी कार्यालय में चर्चा हो रही है।' बता दें कि झारखंड हाईकोर्ट ने जुलाई 2024 में राज्य सरकार को संथाल परगना क्षेत्र के माध्यम से घुसपैठ करने वाले अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया था। झारखंड में इस साल के अंत में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव होने वाला है, क्योंकि वर्तमान सरकार का कार्यकाल 2024 में समाप्त हो रहा है। हालांकि, भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) ने अभी तक तारीखों की घोषणा नहीं की है।

 

#Jharkhand#JMM counter attack#Bangladeshi infiltration

Source : Agency

पाठको की राय