Monday, October 19th, 2026

आज सुबह से देशभर में Jio Internet Service Down,लाखों यूजर्स को हो रही परेशानी

मुंबई
रिलायंस जिओ फाइबर या अन्य वाइफाइ कनेक्शन का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को इंटरनेट सुविधा नहीं मिल रही है और कल रात से ही कई बार बंद होने के बाद सुबह करीब 9 बजे से जिओ इंटरनेट सेवा ठप हो गई है. इससे ऑफिस या घर से काम कर रहे कर्मचारियों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. बता दें कि जिओ सर्विस सपोर्ट भी फिलहाल यूजर्स की दिक्कत दूर नहीं कर पा रही है, यहां तक कि लगभग 15 मिनट तक लाइन पर इंतजार करने के बाद भी कस्टमर केयर से संपर्क नहीं हो पा रहा है.

कब तक बहाल होगी इंटरनेट सर्विस
ट्विटर पर हजारों लोगों ने अब तक जिओ इंटरनेट सर्विस डाउन होने की जानकारी दी है, वहीं एक मीडिया रिपोर्ट में सामने आया है कि कंपनी इस समस्या को सुलझाने का काम कर रही है और कुछ ही देर में जिओ यूजर्स दोबारा इंटरनेट एक्सेस कर पाएंगे. सूत्रों की मानें तो दोपहर करीब 1 बजे तक इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा और यूजर्स दोबारा इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकेंगे.

मोबाइल पर चल रहा इंटरनेट
जिओ यूजर्स सिर्फ अपने मोबाइल में इंटरनेट का इस्तेमाल कर पा रहे हैं. सभी जिओ फाइबर और अन्य वाइफाइ इंटरनेट का इस्तेमाल करने वालों को इस समस्या से जूझना पड़ रहा है. बता दें कि जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, कोलकाता, महाराष्ट्र जैसे राज्यों के अलावा हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और कई अन्य शहरों के यूजर्स ने इंटरनेट बंद पड़ने की शिकायत की है.

 

#Jio Internet Service Down

Source : Agency

पाठको की राय