Saturday, October 24th, 2026

झारखंड-पलामू का हुसैनाबाद बनेगा जिला और बदलेगा नाम, राम या कृष्ण के नाम पर करने का हिमंता ने किया ऐलान

पलामू.

झारखंड में विधानसभा चुनाव के बीच नेता जनता से एक से बढ़कर एक वादे कर रहे हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पलामू के सब-डिवीजन हुसैनाबाद का नाम बदलने का वादा किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सत्ता में आई तो इसे जिले का दर्जा दिया जाएगा। साथ ही इसका नाम बदलकर राम या कृष्ण से जोड़कर नया रखा जाएगा।

सरमा ने कहा कि घुसपैठियों को बाहर निकालना उनकी पार्टी की प्राथमिकता होगी। वह पलामू जिले में जापला मैदान में एक चुनाव रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। सरमा ने हुसैनाबाद में पार्टी उम्मीदवार कमलेश सिंह के लिए प्रचार किया। उन्होंने कहा, 'यदि भाजपा सत्ता में आई तो हुसैनाबाद को जिला बनाया जाएगा। इसका नाम भगवान राम या कृष्ण पर रखा जाएगा।' उन्होंने कहा कि झारखंड की डेमोग्राफी बांग्लादेशी घुसपैठियों की वजह से बदल रही है लेकिन सत्ताधारी जेएमएम चुप हैं क्योंकि वे उसके वोट बैंक हैं।
सरमा ने कहा, 'घुसपैठियों को बाहर करना भाजपा की प्राथमिकता है। बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए हम झारखंड में नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स (NRC) को लागू करेंगे।' 81 सदस्यों वाली झारखंड विधानसभा में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। 23 को नतीजे घोषित किए जाएंगे। पलामू में हिमंता बिस्वा सरमा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधा। भाजपा के झारखंड में चुनावह सह-प्रभारी सरमा ने कहा, 'झामुमो वंशवाद की राजनीति में विश्वास करता है तभी पार्टी ने झारखंड चुनाव में हेमंत सोरेन, पत्नी कल्पना, भाई बसंत को टिकट दिया।' भाजपा नेताओं के राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने पर उन्होंने कहा, 'झामुमो की सूची से पता चलता है कि उनके पास झारखंड चुनाव के लिए उम्मीदवारों की कमी है।'

 

#Jharkhand-Palamu#Himanta sarma#Hussainabad district#name will change

Source : Agency

पाठको की राय