Friday, October 23rd, 2026

जदयू सांसद ने दिया एनडीए में सीट बंटवारे की घोषणा पर अपडेट, सीएम नीतीश कुमार से मिलकर निकले

पटना.

लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद बिहार में सीट शेयरिंग पर सबकी नजरें टिकीं हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर उनके आवास से बाहर निकले सांसद ने बड़ा बयान दिया है। जनता दल यूनाईटेड से राज्यसभा सांसद और सीएम नीतीश कुमार के करीबी संजय झा ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला फाइनल स्टेज में है। कौन-कहां से लड़ेगे, इसकी जानकारी जल्द सार्वजनिक कर दी जाएगी।

पशुपति पारस के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सवाल आप भाजपा से पूछें। वहीं अगला प्रधानमंत्री कौन होगा के सवाल पर संजय झा ने कहा कि जनता तय करेगी कि अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। जिस तरह से देश में पीएम मोदी और बिहार में सीएम नीतीश कुमार काम कर रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि लोकसभा में एनडीए गठबंधन 400 से ज्यादा सीटों पर जीतने जा रही है।  2024 के चुनाव में कहीं कोई मुकाबला नहीं है। राहुल गांधी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह यात्रा करते ही रह गए। जनता सब देख चुकी है।

पारस पहले ही यह घोषणा कर चुके
इधर, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने भी हाजीपुर, समस्तीपुर और नवादा पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि हमारे साथ न्याय नहीं हो रहा। हमलोग एनडीए की लिस्ट का इंतजार कर रहे। इसके बाद हमलोग कोई कदम उठाएंगे। उनके इस बयान ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के माथे पर शिकन ला दी है। हालांकि, चर्चा पशुपति पारस की पार्टी को समस्तीपुर सीट देने की थी। लेकिन, उनके बागी तेवर के बाद कुछ बदलाव हो सकता है। वहीं उपेंद्र कुशवाहा तीन और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी दो सीट मांग रहे। इन्हें एक-एक सीट मिलने बात सामने आ रही है। चिराग पासवान की पार्टी भी पांच सीट मिलने का दावा कर रही है। मुकेश सहनी भी मुजफ्फरपुर समेत दो लोकसभा सीट चाह रहे हैं।

 

#JDU MP

Source : Agency

पाठको की राय