जसप्रीत बुमराह की होगी सर्जरी! जानें कब तक होगी टीम इंडिया में वापसी
नई दिल्ली
भारतीय स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की पीठ की चोट पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रही है। पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर उजागर हुई इस चोट की वजर से उन्हें पिछले साल एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप 2022 समेत कई बड़े मैचों से बाहर रहना पड़ा था। अब खबर आ रही है कि आगामी वर्ल्ड कप 2023 को देखते हुए बुमराह ने अपनी पीठ की सर्जरी कराने का फैसला किया है। वह इस सर्जरी के लिए न्यूजीलैंड जा सकते हैं। अगर बुमराह की यह सर्जरी हुई तो उन्हें क्रिकेट के मैदान से कम से कम 20 से 24 हफ्तों तक दूर रहना होगा। इसका मतलब यह है कि बुमराह आईपीएल 2023 के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला भी मिस कर सकते हैं अगर भारत ने क्वालीफाई किया तो।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार 'जसप्रीत बुमराह अपनी तकलीफदेह पीठ की सर्जरी के लिए न्यूजीलैंड जा सकते हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मेडिकल टीम और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रबंधकों ने एक कीवी सर्जन को इसके लिए चुना है, जिन्होंने जोफ्रा आर्चर पर काम किया था। बुमराह को ऑकलैंड भेजने के लिए व्यवस्था की जा रही है।'
इंग्लैंड में चोटिल होने के बाद जसप्रीत बुमराह ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लिमिटेड ओवर सीरीज में वापसी की थी, मगर पूरी तरह फिट नहीं होने की वजह से वह आगे बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाए थे। इस साल की शुरुआत में भी उन्हें श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में चुना गया था, मगर सीरीज शुरू होने से पहले उनका नाम स्क्वॉड से हटा दिया गया।
बीसीसीआई आगामी वर्ल्ड कप 2023 को देखते हुए अब जसप्रीत बुमराह की फिटनेस के साथ कोई रिस्क नहीं लेना चाहती जिस वजह से उनकी इस सर्जरी का इंतजार तेजी से किया जा रहा है। अगर जसप्रीत बुमराह की यह सर्जरी होती है तो वह सितंबर में वापसी कर सकते हैं। ऐसे में उन्हें वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए कुछ समय मिल जाएगा।

पाठको की राय