Monday, October 19th, 2026

जमैका के धावक क्रिस्टोफर टेलर 30 महीने के लिए निलंबित

नई दिल्ली.
जमैका के धावक क्रिस्टोफर टेलर को डोपिंग रोधी नियम के उल्लंघन के लिए 30 महीने के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) ने शुक्रवार को उक्त जानकारी दी। एआईयू ने कहा कि टेलर, जिन्होंने 2022 विश्व चैंपियनशिप में 4x400 मीटर रिले में जमैका को रजत पदक दिलाने में मदद की थी, लगभग एक साल पहले एक आउट-ऑफ-कॉम्पिटिशन टेस्ट में नमूना संग्रह प्रस्तुत करने में विफल रहे।

इस साल की शुरुआत में, टेलर पर एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) द्वारा विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के डोपिंग रोधी संहिता अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया था। छह महीने की जांच के बाद यह पता चला कि 23 वर्षीय खिलाड़ी नवंबर 2022 में डोपिंग परीक्षण से बच गये। वाडा एंटी-डोपिंग कोड अनुच्छेद 2.3 में कहा गया है, लागू डोपिंग रोधी नियमों में अधिकृत अधिसूचना के बाद नमूना संग्रह से बचना, या बिना किसी ठोस कारण के, नमूना संग्रह जमा करने से इनकार करना या विफल होना उल्लंघन की श्रेणी में आता है।

कथित तौर पर नवंबर 2022 में डोपिंग रोधी अधिकारियों ने टेलर से संपर्क किया था, जो उस स्थान पर परीक्षण करने के लिए आए थे, जिसे टेलर ने सूचीबद्ध किया था। हालाँकि, जब अधिकारी पहुंचे, तो टेलर सूचीबद्ध स्थान पर नहीं थे और उन्होंने अपने ठिकाने की जानकारी अपडेट नहीं की थी। इसके बजाय, टेलर नॉर्मन मैनली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर थे। निलंबन एक साल पहले से लागू है, और टेलर मई 2025 में फिर से प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के पात्र होंगे।

 

 

#Jamaican sprinter Christopher Taylor

Source : Agency

पाठको की राय