Friday, October 23rd, 2026

नए साल पर नहीं छलक पाएंगे जाम! पुलिस ने बनाया स्पेशल प्लान

पटना
नए साल के जश्न पर पुलिस का कड़ा पहरा होगा। शराबियों व धंधेबाजों की धरपकड़ के लिए पुलिस ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करेगी। छापेमारी का यह अभियान 27 दिसंबर से 1 जनवरी की रात तक चलेगा। इसके तहत होटल, क्लब, गेस्ट हाउस, लॉज व अपार्टमेंट और पार्कों सहित अन्य जगहों पर पुलिस सघन तलाशी करेगी। चौक-चौराहों पर भी रोको-टोको अभियान चलाकर पुलिस वाहनों व उसमें सवार लोगों की जांच करेगी। ब्रेथ एनलाइजर के साथ पिय्यकड़ों की जांच होगी। इसके लिए एसएसपी उपेंद्र शर्मा की ओर से सभी थानों को अतिरिक्त बल मुहैया कराया जाएगा।

सादे लिबास में रेकी करेगी पुलिस
नये साल पर होने वाली हुड़दंग को लेकर पुलिस अभी से सख्त हो गई है। शराबबंदी कानून का कहीं से भी कोई उल्लंघन न कर सके, इसके लिए पुलिस ने जिलेभर में जाल बिछा दिया है। सादे लिबास में ग्राहक बनकर पुलिस चाय-पान, किराना व रेस्टोरेंटों में जाएगी, ताकि वहां यदि कोई जाम छलकाता मिले तो उसे पकड़ा जाए। छापेमारी के दरम्यान कहां पर क्या कार्रवाई की गई, एएसपी व डीएसपी स्तर के अधिकारी अपनी सर्किल में इसकी मॉनीटरिंग कर एसएसपी को रिपोर्ट भेजेंगे। अभियान में किसी तरह की लापरवाही उजागर होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। इसके लिए एसएसपी ने थानेदारों को कड़ी हिदायत भी दी है।

गंगा व दियारा पर भी रहेगी पैनी नजर
एसएसपी ने बताया कि बाहरी जिलों से पटना में गंगा के रास्ते शराब की खेप न आ सके, इसके लिए गंगा घाटों के साथ ही दियारा इलाके में भी पुलिस का कड़ा पहरा होगा। इसके लिए अलग से टीम बनाई जाएगी। नये साल पर निजी नावों से गंगा में सैर-सपाटे पर भी जिला प्रशासन की ओर से कड़ा प्रतिबंध लगाया गया है। इसको देखते हुए गंगा घाटों पर भी पुलिस पेट्रोलिंग करेगी। यदि कोई मनमाने तरीके से गंगा में नावों पर सैर करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

#Jam will

Source : Agency

पाठको की राय