Saturday, October 24th, 2026

जालंधर: टिप्पर एसोसिएशन ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला, पंजाब में जल्द माइनिंग शुरू करने की मांग

जालंधर
प्रदेश में नई माइनिंग पालिसी लागू नहीं हुई है और लोगों को सस्ते मूल्य पर रेत-बजरी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। शनिवार को जालंधर टिप्पर एसोसिएशन की तरफ से पठानकोट चौक में धरना देकर टिप्पर संचालकों को आ रही परेशानियों का विरोध जताया गया और पंजाब सरकार का पुतला भी फूंका गया।

एसोसिएशन के राजेंद्र शर्मा, रमेश कुमार, मनजीत सिंह, बिक्रमजीत सिंह, मनप्रीत सिंह, बख्शीश सिंह, महिंदर सिंह, सतीश सैनी, बब्बू वर्मा, बब्बू नीलकंठ ने कहा कि प्रदेश में जब तक नई माइनिंग पालिसी लागू नहीं हो जाती है तब तक पुरानी नीति के मुताबिक ही रेत-बजरी की बिक्री होनी चाहिए। सरकार को अपने वादे के मुताबिक लोगों को सस्ते मूल्य पर रेत और बजरी उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते लगभग डेढ़ महीने से टिप्पर संचालकों को परेशान किया जा रहा है। उनके चालान काटे जा रहे हैं और आपराधिक मामले भी दर्ज किए जा रहे हैं।

कहा, टिप्पर संचालकों को परेशान करना बंद हो
एसोसिएशन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश की सीमा पर सात रुपये प्रति क्यूबिक फुट माइनिंग के नाम पर वसूले जा रहे हैं। एसोसिएशन के सदस्यों ने मांग की है कि तुरंत टिप्पर संचालकों को परेशान किया जाना बंद होना चाहिए। दर्ज किए जा चुके अपराधिक मामलों को तुरंत खत्म करना चाहिए और जम्मू कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश की सीमा पर लगाए गए नाजायज नाके भी खत्म होने चाहिए। एसोसिएशन सदस्यों ने मांग की है कि प्रदेश में बंद पड़े माइनिंग के कार्य को तुरंत चालू किया जाए और क्रशर इंडस्ट्री को भी चालू किया जाए।

 

 

#Jalandhar

Source : Agency

पाठको की राय