Tuesday, October 20th, 2026

जबलपुर रेलवे मंडल: अब 20 रुपये में मिलेगी स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट

जबलपुर
मध्य प्रदेश के जबलपुर मंडल के तहत आने वाले स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट 50 रुपये होने से बवाल मच गया था. इसके बाद अब टिकट की दर को घटा दिया गया है. जबलपुर डीआरएम ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी. जबलपुर मंडल के तहत आने वाले स्टेशन जबलपुर, मदन महल, कटनी, कटनी मुड़वारा, मैहर, सतना, रीवा, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, पिपरिया स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट की दर अब 20 रुपये होगी.

बता दें, पहले जबलपुर और मदन महल में प्लेटफॉर्म टिकट की दर 50 रुपये रखी गई थी, जबकि दूसरे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की दर 30 रुपये थी. प्लेटफार्म टिकट की दर की वृद्धि को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाए थे. दिग्विजय सिंह ने जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म टिकट को 50 रुपये करने वाले एक ट्वीट को रिट्वीट कर लिखा था- # अच्छे दिन. प्लेटफॉर्म टिकट का यह मामला वायरल होने के बाद खासा बवाल मचा और 11 सितंबर को जबलपुर रेलवे मंडल ने सभी प्लेटफॉर्म के टिकट 50 से घटाकर 20 रुपये करने का फैसला किया.

गौरतलब है कि कांग्रेस बीजेपी को घेरने का कोई मुद्दा हाथ से नहीं जाने दे रही. कांग्रेस कभी महंगाई तो कभी पेट्रोल-डीजल के दामों पर प्रदर्शन करती है. प्लेटफॉर्म टिकट के पर बवाल मचाने के बीच कांग्रेस ने अब खरगोन जिले में पुलिस कस्टडी में हुई युवक की मौत पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है.  बिस्टान थाना क्षेत्र के खैरकुड़ी गांव के आदिवासी युवक बिसन की पुलिस कस्टडी में 6 और 7 सितम्बर की दरम्यानी रात हुई मौत के मामले कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवज देने की मांग की है. साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है. कांग्रेस जांच समिति पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता देगी.

 

#Jabalpur Railway Division

Source : Agency

पाठको की राय