Thursday, October 22nd, 2026

इजरायली पीएम बेनेट ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता

ग्लासगो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और इजरायली पीएम नफ्ताली बेनेट (Naftali Bennett) के बीच  मुलाकात हुई. ये मुलाकात ग्लासगो में चल रहे COP26 समिट के दौरान हुई. इस दौरान इजरायली पीएम बेनेट ने पीएम मोदी को उनकी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया.

इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है. इस वीडियो में इजरायल के प्रधानमंत्री बेनेट पीएम मोदी से कह रहे हैं, 'आप इजरायल में बहुत ज्यादा पॉपुलर हैं. आइए और मेरी पार्टी ज्वॉइन कीजिए.' बेनेट की इस बात पर पीएम मोदी ठहाके मारकर हंसने लगे.

बेनेट और पीएम मोदी के बीच ये पहली औपचारिक मुलाकात थी. इसी साल जून में बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) चुनाव में हार गए थे, जिसके बाद नफ्ताली बेनेट इजरायल के प्रधानमंत्री चुने गए थे.

भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान में बताया गया कि दोनों नेताओं के बीच हाई टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के विस्तार को लेकर चर्चा हुई. विदेश मंत्रालय ने ये भी बताया कि बेनेट ने भारत-इजरायल दोस्ती को दोबारा शुरू करने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि यहूदी और भारतीय सभ्यताओं का गहरा रिश्ता है.

नफ्ताली बेनेट इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के सहयोगी रहे हैं. उन्होंने इस साल जून में इजरायली संसद नेसेट में 60-59 वोटों से नेतन्याहू को हरा दिया था और नेतन्याहू को 12 साल बाद कुर्सी गंवानी पड़ी थी. नफ्ताली बेनेट इस वक्त एक गठबंधन के मुखिया हैं.

 

#पार्टी में शामिल होने का न्योता

Source : Agency

पाठको की राय