Thursday, October 22nd, 2026

ईशान किशन हुए तीसरे T20I मैच से बाहर

नई दिल्ली
धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान भारतीय टीम के ओपनर और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को सिर पर चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें देर रात अस्पताल ले जाया गया था और उनका सीटी स्कैन कराया गया था, जिसकी रिपोर्ट नॉर्मल आई है, लेकिन वे आज यानी रविवार 27 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि टीम इंडिया के विकेटकीपर ईशान किशन को शनिवार को धर्मशाला में दूसरे टी20 मैच में बल्लेबाजी करते हुए सिर में चोट लग गई थी। एक टीम डॉक्टर के साथ, उन्हें कल रात एक स्थानीय अस्पताल में जांच के लिए ले जाया गया, जहां एक सीटी स्कैन किया गया। सीटी स्कैन की रिपोर्ट सामान्य है।

बोर्ड ने बताया है कि बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनके कनकशन के संकेतों पर कड़ी निगरानी रखेगी। इस स्थिति में ईशान श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच से बाहर हो गए हैं। बता दें कि रितुराज गायकवाड़ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में नहीं खेल पाए थे और चोट के चलते बाहर हो गए थे। ऐसे में मयंक अग्रवाल को बैकअप के तौर पर चंडीगढ़ से बीसीसीआई ने धर्मशाला भेजा था। 

 

#Ishan Kishan

Source : Agency

पाठको की राय