Thursday, October 22nd, 2026

पलामू में होगा इप्टा का 15 वां राष्ट्रीय महाधिवेशन , शुभारंभ 17 मार्च को

( अमिताभ पाण्डेय)
भोपाल

भारतीय जन नाट्य संघ ( इप्टा ) का 15 वां राष्ट्रीय महाधिवेशन झारखंड के पलामू जिला स्थित मेदिनीनगर (डालटनगंज) शहर में आयोजित होगा। आगामी  17 से 19 मार्च तक आयोजित हो रहे इस  महाधिवेशन के दौरान तीन दिवसीय नीलांबर-पितांबर लोक महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान देशभर से आने वाले 600 से अधिक कलाकार, संस्कृतिकर्मी विभिन्न राज्यों के कलारूपों का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही संस्कृतिकर्म की चुनौतियों पर विचार करते हुए भविष्य की रणनीति बनाई जाएगी। महाधिवेशन के दौरान विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों की लोक प्रस्तुतियां भी होंगी।

यह जानकारी आयोजन समिति से जुड़े रवि और सचिन श्रीवास्तव ने दी । उन्होंने बताया कि देश में समानता, स्वतंत्रता, न्याय, बंधुत्व की हिफाजत और इसके लिए आवाज बुलंद करना इप्टा का उद्देश्य है।

इप्टा के राष्ट्रीय सम्मेलन सह जन- सांस्कृतिक समारोह आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ अरुण शुक्ला ने कहा कि धर्म , जाति , क्षेत्र ,  संप्रदाय , अगड़े - पिछड़े , अमीर - गरीब के आधार पर  समाज में फैले वैमनस्य को दूर करने के लिए, सर्वधर्म समभाव  के संदेश को लेकर यह आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह पलामू जिले के लिए गर्व की बात है कि देश के सबसे बड़े सांस्कृतिक संगठन का राष्ट्रीय सम्मेलन डाल्टनगंज शहर में हो रहा है। इसमें देश भर से आने वाले 600 से अधिक कलाकार और संस्कृतिकर्मी भारत की बहुआयामी लोक परंपरा की विविध साझी सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करेंगे।

सम्मेलन के बारे में जानकारी देते हुए इप्टा के राज्य महासचिव उपेंद्र मिश्रा ने कहा कि सम्मेलन की पूर्व संध्या पर 16 मार्च की शाम इंदौर इप्टा की ओर से "धीरेंद्र मजूमदार की मां" नाटक का मंचन किया जाएगा।

यह मंचन गांधी स्मृति टाउन हॉल में संध्या 6 बजे से किया जाएगा। इसके बाद 17 मार्च को 15 नगाड़ों की गूंज और झारखंड समेत अलग-अलग राज्यों की विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच जन सांस्कृतिक मार्च (रंग यात्रा) के साथ तीन दिवसीय महाधिवेशन का शुभारंभ  होगा। वहां शिवाजी मैदान में आम सभा का आयोजन भी  किया जाएगा।

 यह सम्मेलन इप्टा का है लेकिन यह पूरा आयोजन शहरवासियों के सहयोग से किया जा रहा  है। इसके लिए एक विस्तारित स्वागत समिति बनाई गई है और सभी  लोगों से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है। आयोजन समिति में संरक्षक मंडल के सदस्य नवल तुलस्यान, कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम भसीन, अध्यक्ष मंडल की सदस्य शीला श्रीवास्तव, महासचिव शैलेन्द्र कुमार, रवि शंकर, शशि पांडे, अमित कुमार, गोला, अजीत ठाकुर, अमृत सिंह, अमृत सिंह, समरेश सिंह शामिल हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय