Wednesday, October 21st, 2026

आईपीएल की तैयारियां शुरू, लखनऊ सुपर जाएंट्स ने किया कप्तान और उपकप्तान का ऐलान

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बीच लखनऊ सुपर जाएंट्स यानी एलएसजी ने अपनी टीम के कप्तान और उपकप्तान का ऐलान कर दिया है। हालांकि, कप्तान को लेकर कोई बहुत बड़ा या चौंकाने वाला फैसला टीम मैनेजमेंट की ओर से नहीं किया गया है, लेकिन उपकप्तान की जिम्मेदारी में बदलाव देखने को मिला है। पिछले दो सीजन की तरह इस बार भी केएल राहुल ही लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान होंगे। वहीं, उपकप्तानी की जिम्मेदारी आईपीएल 2024 में वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन संभालने वाले हैं।

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने गुरुवार 29 फरवरी को एक एक्स पोस्ट के माध्यम से इस बात की जानकारी की है। उन्होंने केएल राहुल और निकोलस पूरन की एक फोटो शेयर की है। दोनों ने जिस टी शर्ट को पकड़ा है, उसमें निकोलस पूरन का निकनेम निकी पी लिखा है। उसके नीचे VC लिखा है। वहीं, कैप्शन में भी एलएसजी की ओर से ये साफ लिखा गया है कि कैप्टन केएल राहुल हैं और उनके डिप्टी यानी वाइस कैप्टन निकोलस पूरन होंगे। हालांकि, पिछले साल टीम के उपकप्तान क्रुणाल पांड्या थे, जिन्होंने केएल राहुल को चोट लगने के बाद टीम की कमान भी संभाली थी।  

लखनऊ सुपर जाएंट्स की बात करें तो साल 2022 के सीजन में टीम का आगमन आईपीएल में हुआ था। दोनों बार टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाई किया था। दोनों बार टीम ने तीसरे-तीसरे नंबर पर रहकर टूर्नामेंट के लीग फेज का समापन किया और टीम एलिमिनेटर खेली। हालांकि, दोनों बार टीम को एलिमिनेटर मैच में हार का सामना करना पड़ा। 2022 के सीजन में एलएसजी को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने हराया था, जबकि 2023 के सीजन में मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर मैच में जीत हासिल की। ऐसे में इस बार का सीजन टीम के लिए खास होगा, क्योंकि केएल राहुल पूरा सीजन खेलने वाले हैं।

 

 

#आईपीएल 2024

Source : Agency

पाठको की राय