Thursday, October 22nd, 2026

IPL 2023: अपने नए टैटू पर पहली बार विराट कोहली ने की बात

नई दिल्ली

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 से पहले विराट कोहली के दाएं हाथ पर एक नया टैटू देखने को मिला, जो काफी चर्चा में भी रहा है। अब विराट कोहली ने पहली बार इस टैटू को लेकर बात की है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के बोल्ड डायरीज पर फोटोशूट के दौरान विराट कोहली ने इस टैटू के अलावा कुछ और पर्सनल चीजों पर बातचीत की। विराट ने विव रिचर्ड्स और सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट का GOAT (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम) बताया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अगर वह, रोजर फेडरर और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ टेबल पर बैठेंगे तो क्या बात करेंगे।

विराट कोहली से जब इस टैटू के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'यह नया टैटू है, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ है, तो अभी इसका मतलब समझाना सही नहीं होगा, लेकिन आने वाले समय में मैं इस पर जरूर बात करना चाहूंगा।' विराट कोहली ने कहा, 'विव रिचर्ड्स और सचिन तेंदुलकर ने अपने-अपने समय में क्रिकेट पर काफी असर छोड़ा इसलिए मैं इन दोनों को महानतम मानता हूं।' विराट कोहली ने कहा कि उनके फोन की गैलरी बेटी वामिका की फोटो से भरी हुई है और वह कभी भी उसकी फोटो लेने का मौका नहीं छोड़ते हैं। विराट ने कहा कि अगर उन्हें फेडरर और रोनाल्डो के साथ बैठने का मौका मिला, तो वह इन दोनों की बस बातें सुनेंगे और इसमें अपना कोई इनपुट नहीं देंगे।
 
आईपीएल 2021 के बाद विराट कोहली ने आरसीबी की कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद आईपीएल 2022 में फाफ डुप्लेसी ने आरसीबी की कमान संभाली। आरसीबी को इस सीजन में अपना पहला मैच 2 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना है।

 

 

#IPL

Source : Agency

पाठको की राय