Monday, October 19th, 2026

डराने वाले आंकड़े अब दे रहे हैं राहत, कम हुई कोरोनावायरस की चौथी लहर की आशंका

 नई दिल्ली 

कोरोना की नई लहर की आशंका के बीच नए संक्रमितों के मामले में फिलहाल राहत बनी हुई है। देश में साप्ताहिक संक्रमण दर न्यूनतम स्तर 0.1 फीसदी के आसपास है। हालांकि, सरकारी तंत्र संक्रमण के रुझान पर पैनी निगाह बनाए हुए है। पिछले 24 घंटे के दौरान 1.56 लाख कोविड टेस्ट हुए हैं, जिनमें से 163 नमूने ही पॉजिटिव पाए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार दो जनवरी को समाप्त हुए सप्ताह तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो देश में एक भी जिला ऐसा नहीं है जहां संक्रमण दर 10 फीसदी से अधिक रही हो, जबकि उसके पहले सप्ताह में ऐसे तीन जिले थे। इसी प्रकार 5-10 फीसदी संक्रमण दर वाले जिलों की संख्या पहले जहां दर्जन भर थी। वहीं, अब सिर्फ एक डोडा जिला ऐसा पाया गया है, जहां यह दर 6.67 फीसदी है। 

इस समय देश में करीब एक दर्जन जिले ऐसे हैं, जहां संक्रमण दर 1-5 फीसदी के बीच है। इनमें हिमाचल प्रदेश के किन्नौर एवं नगालैंड के मौकोंगचुंग में 4.76, ईस्ट इंफाल जिले में 3.33, बाडमेर में 2.86 फीसदी है।

रोजाना डेढ़ से लेकर तीन लाख तक टेस्ट
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस समय रोजाना डेढ़ से तीन लाख तक टेस्ट हो रहे हैं, लेकिन संक्रमण दर 0.10 फीसदी के करीब बनी हुई है। रविवार को साप्ताहिक संक्रमण दर भी 0.11 फीसदी दर्ज की गई, जो एक पखवाड़े पहले जैसी स्थिति है। चीन समेत कुछ अन्य देशों में तेजी से फैले कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने कहा था कि अगले 30-40 दिन अहम हैं। इस समय विदेशों से आने वाले यात्रियों की जांच में भी कोरोना का चिंता पैदा करने वाला वैरिएंट नहीं मिला है।
 

 

#कोरोनावायरस

Source : Agency

पाठको की राय