Thursday, October 22nd, 2026

दमोह में 29 होटल और 18 ढाबों में हुई सघन जाँच

  • धार में गांजे के 190 हरे पौधे किये जप्त

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार प्रदेश में नशामुक्ति अभियान निरंतर जारी है। दमोह में गुरूवार को अभियान में 29 होटल और 18 ढाबों में सघन जाँच की गई। धार जिले में भी अभियान में कार्यवाही करते हुए गांजे के 190 हरे पौधे जप्त किये गये। प्रदेश में अब तक एक लाख 15 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब जप्त की जा चुकी है।

अभियान में एनडीपीएस एक्ट में गुरूवार को 52 आरोपियों के विरूद्ध 49 प्रकरण दर्ज कर 907.592 ग्राम मादक पदार्थों की जप्ती की गई। अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 5 हजार 678 लीटर से अधिक जप्ती की गई। सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने-पिलाने वालों के विरूद्ध भी 285 प्रकरण दर्ज कर 304 आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई। धूम्रपान निषेध कानून में 467 आरोपियों के विरूद्ध 459 प्रकरण दर्ज किये गये।

नशामुक्ति अभियान में पूर्व आरोपियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। गुरूवार को हरदा और नीमच में 3-3, अशोकनगर में 4, खरगोन में 5, बैतूल में 8, नर्मदापुरम में 9 और झाबुआ में 22 आरोपियों की चेकिंग की गई।

 

 

#dhabas in Damoh

Source : Agency

पाठको की राय