Wednesday, October 21st, 2026

अधीक्षण यंत्री को सतत मौका मुआयना के निर्देश

भोपाल

किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने कहा है कि तवा बांध से सिंचाई के लिए पानी सभी किसानों को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होगा। उन्होंने दूरभाष पर अधीक्षण यंत्री जल संसाधन राजाराम मीणा को टेल ऐंड के किसानों को सिंचाई के लिए प्राथमिकता से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पटेल ने अधीक्षण यंत्री को टेल ऐंड पर जाकर मौका मुआयना करने को भी निर्देशित किया है।

मंत्री पटेल ने अधीक्षण यंत्री जल संसाधन को रबी की सिंचाई के लिए तवा बांध से किसानों को समुचित मात्रा में पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि नहर के टेल ऐंड से अपर एरिया तक निरंतर मौका मुआयना किया जाकर निगरानी रखी जाए जिससे कि सभी किसानों को समय पर पानी उपलब्ध हो सके। होशंगाबाद, सिवनी मालवा, इटारसी और हरदा के किसानों को उनके लिए निर्धारित की गई मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें।

किसानों को गाँव में उपलब्ध कराएँगे खाद

मंत्री पटेल ने कहा है कि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। किसानों को खाद की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया है कि किसानों को उनके गाँव में खाद उपलब्ध कराया जाएगा। इसका क्रियान्वयन भी हरदा के आदिवासी अंचल के ग्राम काल्या खेड़ी, कांकरदा, पिल्या खाल गाँव से प्रारंभ हो गया है। किसानों ने खाद की गाँव पहुँच सेवा पर कृषि मंत्री पटेल और सरकार के प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

 

 

#सतत मौका मुआयना

Source : Agency

पाठको की राय