Friday, October 23rd, 2026

राजीव नगर विकास योजना का क्रियान्वयन माह नवम्बर तक हर हालत में प्रारंभ करने के निर्देश

रायपुर
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप सिंह जुनेजा द्वारा मंडल की आवासीय गतिविधियों के क्रियान्वयन में गति लाने के लिए समस्त कार्यपालन अभियंतों तथा संपदा अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली गई।

गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष जुनेजा ने समीक्षा करते हुए निमार्णाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मंडल की निर्मित, निमार्णाधीन कॉलोनियों में रिक्त भू-खण्डों तथा भूमि पर आवासीय मांग का आंकलन करते हुए शीघ्र कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य विभागों के निक्षेप कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कर विभागों को हस्तांतरण के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। अध्यक्ष जुनेजा ने यह भी निर्देशित किया कि प्रदेश में राजीव नगर विकास योजना का क्रियान्वयन माह नवम्बर तक हर हालत में प्रारंभ कर दिए जाएं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को इसका शीघ्रता से क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि राजीव नगर विकास योजना के अंतर्गत शासन द्वारा मंडल को आवास निर्माण हेतु एक रूपए प्रतिवर्ग फीट पर भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें मांग के अनुसार भूमि का चयन कर शीघ्रता से कार्य योजना बनाई जा रही है। प्रदेश भर में अतिशीघ्र राजीव नगर विकास योजना का कार्यान्वयन प्रारंभ किया जाएगा। इस दौरान मंडल के रिक्त संपत्तियों का विक्रय तथा विक्रित संपत्तियों के बकाया राशि की वसूली हेतु निर्देशित किया गया। अब जीएडी का कार्य माह नवम्बर तक पूर्ण कर हस्तांतरण करने के संबंध में भी निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल डॉ. अय्याज तंबोली, अपर आयुक्त एच.के. वर्मा, अपर आयुक्त एच.के. जोशी, एम.डी. पनारिया तथा मुख्य संपदा अधिकारी पी.के. सोनवानी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

#circumstances

Source : Agency

पाठको की राय