Saturday, October 24th, 2026

मध्य रेलवे की पहल: अब इस वेबसाइट पर मिलेगी माल गोदाम की सारी जानकारी 

 मुजफ्फरपुर 
बिहार के मुजफ्फरपुर में अब एक क्लिक पर व्यवसायियों को रेलवे माल गोदाम के बारे में पूरी जानकारी मिल जाएगी। यह सुविधा पूर्व मध्य रेलवे की वेबसाइट 'ईसीआर डॉट इंडियनरेलवेज डॉट जीओवी डॉट इन' पर उपलब्ध है। यह जानकारी पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ राजेश कुमार ने दी। बताया गया है कि व्यापारियों को बेहतर सुविधा के लिए वेबसाइट पर मैप आधारित गुड्स शेड की एकीकृत जानकारी उपलब्ध करायी गयी है। इससे व्यापारी वेबसाइट पर जाकर बस एक क्लिक में माल गोदाम का विवरण, लोकेशन आदि की जानकारी मिनटों में प्राप्त कर सकते हैं।

व्यवसायी पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार में आने वाले गुड्स शेड से जुड़ी सभी सूचनाएं प्राप्त कर आसानी से अपने सामान की बुकिंग कर रेलवे की योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। गुड्स शेड निर्देशिका में बायीं तरफ अलग-अलग शीर्षकों के अंतर्गत पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों के माल गोदामों को सूचीबद्ध किया गया है। 

प्रदर्शित मानचित्र पर उपलब्ध हो जाएगी जानकारी
चयनित माल गोदाम से संबंधित विवरण सूचीबद्ध माल गोदाम के नाम पर क्लिक करना होगा, इसके बाद दिखाए गए मानचित्र पर भी हाइलाइट हो जाएगा। माल गोदाम की जानकारी प्रदर्शित मानचित्र में दिखाए गए माल गोदाम के मार्कर पर क्लिक करने पर भी उपलब्ध है। 

 

Source : Agency

पाठको की राय