Tuesday, October 20th, 2026

महंगाई की मार : अरहर की दाल तीन रुपये और उरद 10 रुपये किलो महंगी, चीनी के दाम में भी उछाल

लखनऊ

फुटकर बाजार में अरहर की दाल तीन रुपये और उरद की दाल 10 रुपये प्रतिकिलो महंगी हो गई है। इसके अलावा चीनी के दाम भी दो रुपये प्रतिकिलो बढ़ गये हैं। कारोबारियों के मुताबिक अरहर की दाल 92 रुपये से बढ़कर 95 रुपये प्रतिकिलो हो गई है। वहीं उरद की दाल 140 रुपये से बढ़कर 150 रुपये प्रतिकिलो हो गई है।

पांडेयगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि कर्नाटक और महाराष्ट्र में अरहर की नई फसल तैयार है। लखनऊ आने में 15-20 दिन लग जाएंगे। उन्होंने बताया कि दाल विक्रेता पुरानी दाल खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। इससे बाजार में दाल की आवाक में कमी आई है, जिससे थोक बाजार में अरहर की दाल की कीमत 8600 रुपये प्रतिकुंतल से बढ़कर 8800 रुपये प्रतिकुंतल अरहर की दाल दो रुपये प्रतिकिलो की बढ़ोत्तरी हुई है।

लखनऊ दाल एवं राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि शहर में रोजाना 2500 कुंतल से अधिक दालों की खपत है। इसमें एक हजार कुंतल अरहर की दाल की खपत होती है। थोक बाजार में अरहर की दाल (सूरजमुखी) 86 रुपये प्रतिकिलो से बढ़कर 88 रुपये प्रतिकिलो हो गई है। फतेहगंज के विक्रेता मुकेश अग्रवाल ने बताया कि चीनी के दाम 40 रुपये प्रतिकिलो से बढ़कर 42 रुपये प्रतिकिलो हो गई है। इसके अलावा ब्रांडेड आटा 25 किलो की बोरी 600 रुपये से बढ़कर 620 रुपये हो गई है।

 

#महंगाई

Source : Agency

पाठको की राय