Sunday, October 25th, 2026

होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की लापरवाही से भी बढ़ रहा संक्रमण

पटना 
बिहार की राजधानी में होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमित मरीजों द्वारा बरती गई लापरवाही के कारण लोगों में संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई है। पटना जिला प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम द्वारा जब मरीजों की स्थिति की जानकारी ली गई तो इसका खुलासा हुआ। दरअसल, जिला प्रशासन मरीजों के कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग के लिए ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है, जो संक्रमित लोगों के संपर्क में थे। छानबीन में पता चला कि होम आइसोलेशन में रहने वाले लोग कोविड-19 के मानक का पालन नहीं कर रहे हैं। वे अपने ही परिवार में संक्रमण फैला रहे हैं। 

बाढ़ प्रखंड में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक परिवार में एक व्यक्ति संक्रमित था। उस मरीज की निगरानी की जा रही थी, लेकिन 4 दिन बाद पूरे परिवार के सदस्य इस बीमारी की चपेट में आ गए। अधिकारियों ने जानकारी ली तो पता चला कि होम आइसोलेशन में रहने वाला व्यक्ति किसी प्रकार का परहेज नहीं कर रहा था। ऐसा ही मामला मसौढ़ी और पालीगंज प्रखंड में भी सामने आया है, जबकि इससे पहले पटना सदर अनुमंडल के कई इलाकों में ऐसी शिकायत मिल चुकी थी। डीएम ने स्वास्थ्य अधिकारियों को कहा है कि होम आइसोलेशन में रहने वाले लोगों को पंचायत एवं गांव स्तर पर अब निगरानी कराएं ताकि संक्रमण कम किया जा सके।
 

 

#संक्रमण

Source : Agency

पाठको की राय