Sunday, October 25th, 2026

ऑक्सीजन किट के अभाव में सिलेंडर से सांस नहीं ले पा रहे संक्रमित मरीज

पटना 
कोरोना संक्रमित होम आइसोलेशन में रहने वाले गंभीर मरीजों के लिए नई परेशानी खड़ी हो गई है। बाजार में पहले से ही ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी थी। अब ऑक्सीजन सिलेंडर में उपयोग होने वाली ऑक्सीजन किट बाजार में नहीं मिल रही है। ऑक्सीजन किट के तहत ऑक्सीजन मास्क, ऑक्सीजन पाइप, सिलेंडर बॉल्व, ऑक्सीजन रेगुलेटर, प्रेशर गेज, फ्लो मीटर, ह्यूमडिटी बॉटल आदि सामान आता है। 

अपने परिजनों के लिए किसी प्रकार ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करने वाले लोग अब सिलेंडर से सांस लेने के लिए जरूरी ऑक्सीजन किट के लिए दुकान-दर दुकान भटक रहे हैं। दुकानदारों के आगे गिड़गिड़ा रहे हैं। लेकिन उन्हें सिलेंडर के लिए जरूरी किट नहीं मिल रही है। दवा मंडी गोविन्द मित्रा रोड के व्यवसायी बताते हैं कि पटना में बीते एक सप्ताह में ऑक्सीजन सिलेंडर और किट की मांग में लगभग एक हजार प्रतिशत का इजाफा हुआ है। पहले एक दिन में आठ से दस ऑक्सीजन सिलेंडर और किट की बिक्री होती थी। लेकिन अभी दुकान खुलने से लेकर बंद होने तक लोग खरीदने पहुंच रहे हैं। 

जीएम रोड स्थित नेशनल सर्जिकल के संचालक बलजीत सिंह कहते हैं कि पटना की जरूरतों को देखते हुए राजधानी में तत्काल दस हजार ऑक्सीजन किट की आवश्यकता है। लेकिन जहां दो-तीन पीस की भी आपूर्ति नहीं हो रही है वहां दस हजार पीस की व्यवस्था होना मुश्किल लगता है। वे कहते हैं कि सुबह से लेकर शाम तक ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन किट, पल्स ऑक्सीमीटर आदि खरीदने वालों की भीड़ लगी रहती है। लेकिन बीते दस दिनों से इसकी आपूर्ति बाधित है। 

 

Source : Agency

पाठको की राय