Tuesday, October 20th, 2026

इंदौर : सरवटे बस स्टैंड पर खुलेगा रेस्टोरेंट, स्क्रीन पर मिलेगी बसों की जानकारी

 इंदौर
 सरवटे बस स्टैंड से हर दिन यात्रा करने वाले 20 हजार यात्रियों के लिए अब रेस्टोरेंट शुरू किया जाएगा। साथ ही यात्रियों को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी बसों के आवागमन की जानकारी भी मिल सकेगी। दरअसल हाल ही में एआईसीटीएसएल सीईओ दिव्यांक सिंह ने बस स्टैंड का निरीक्षण किया था।

इस दौरान बस स्टैंड पर कई सुविधाएं शुरू करने और मौजूद व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश जारी किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड प्रभारी राहुल श्रुति भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान सीईओ सिंह ने सफाई कर्मचारियों को बेहतर सफाई करने के लिए कहा है। स्टैंड परिसर में एलईडी स्क्रीन लगाने के लिए टेंडर जारी करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को स्टैंड परिसर के बाहर ही बसों के आवागमन, समय आदि जानकारी मिल सके।

पार्किंग के लिए देना होगा शुल्क

वर्तमान में स्टैंड परिसर में तलघर में पार्किंग बनी हुई है। यह पूरी तरह से मुफ्त है। इसके चलते वाहन चोर गिरोह बाइक चोरी कर यहां खड़ी कर जाते हैं। स्टैंड प्रबंधन अब तक 20 से अधिक लावारिस वाहन पुलिस को सौंप चुका है। वहीं आसपास के लोग भी अपने वाहन यहां पार्क कर जाते हैं। इसलिए पार्किंग को सशुल्क किया जाएगा।

नायता मुंडला में भी बना है नया बस स्टैंड

इंदौर के नायता मुंडला में नया बस स्टैंड आईएसबीटी बनाया गया है। यहां से भी पिछले महीने से बसों का संचालन शुरू किया गया है। अभी इस स्टैंड से लंबी दूरी की बसों को चलाया जा रहा है।

 

#Sarwate Bus Stand Indore

Source : Agency

पाठको की राय