Tuesday, October 20th, 2026

भारत के शीर्ष खिलाड़ी सुमित नागल अमेरिकी ओपन के पहले दौर में बाहर

न्यूयॉर्क
भारत के शीर्ष खिलाड़ी सुमित नागल यहां शुरुआती दौर में नीदरलैंड के टालोन ग्रिक्सपुर से सीधे सेटों में हारकर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल से बाहर हो गए। नागल को अपनी पहली सर्विस में संघर्ष करना पड़ा और वह सोमवार की रात को खेले गए मैच में ग्रिक्सपुर से 1-6, 3-6, 6-7(8) से हार गए।

नागल ने दो घंटे और 20 मिनट तक चले मैच में दो बार अपने प्रतिद्वंद्वी की सर्विस तोड़ी जबकि नीदरलैंड के खिलाड़ी ने ब्रेक प्वाइंट के 11 मौकों में से छह को भुनाया। झज्जर के रहने वाले 27 वर्षीय नागल को लय हासिल करने में कुछ समय लगा। उन्होंने शुरू में कई गलतियां की जिनका आखिर में उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ा।

दूसरे सेट में जब नागल 3-5 से पीछे थे तब हल्की बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। इसके बाद उन्होंने कुछ अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन यह जीत के लिए पर्याप्त नहीं था। नागल अब पुरुष युगल में अपनी चुनौती पेश करेंगे। पुरुष युगल में भारत के रोहन बोपन्ना, युकी भांबरी, एन श्रीराम बालाजी और नागल अलग-अलग जोड़ीदारों के साथ खेलेंगे।

 

 

#Sumit Nagal

Source : Agency

पाठको की राय