Friday, October 23rd, 2026

भारतीय टीम भाग्यशाली है जिसके पास जसप्रीत बुमराह जैसा गेंदबाज है : मांजरेकर

ब्रिजटाउन
 पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर का मानना है कि भारतीय टीम भाग्यशाली है जिसके पास जसप्रीत बुमराह जैसा गेंदबाज है जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बाकी गेंदबाजों से मीलों आगे है। बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप सुपर आठ चरण के पहले मैच में चार ओवर में सात रन देकर तीन विकेट लिये। भारत ने यह मैच 47 रन से जीता।

मांजरेकर ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से कहा, ‘‘कई मैचों में हमने चौके नहीं गंवाये। उनके और बाकी तेज गेंदबाजों के बीच का अंतर देखिये। दुनिया के बाकी शीर्ष गेंदबाजों को देखें तो बुमराह और उनमें बाकी अंतर है। भारत भाग्यशाली है कि उसके पास बुमराह जैसा गेंदबाज है।’’

भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने कहा, ‘‘अपनी गेंदबाजी को वह किस कदर बखूबी समझता है, वह पता चलता है। उसने हर बल्लेबाज के खिलाफ अध्ययन कर रखा है और रणनीति पर सटीक अमल कर रहा है। यह आसानी से नहीं होता। पूरे टूर्नामेंट में उसने बहुत कम चौके छक्के दिये हैं।’’

सूर्यकुमार यादव के बारे में मांजरेकर ने कहा कि उसकी मौजूदगी से भारत को फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत के पास दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाजों में से एक है। कठिन पिच पर सामने फॉर्म में चल रहा राशिद खान जैसा गेंदबाज हो, तब पता चलता है कि सूर्यकुमार के टीम में होने का क्या फायदा है। वह हमेशा छक्के लगाने की फिराक में नहीं रहता बल्कि डटकर संयमित पारी भी खेलता है।’’

कुंबले ने कहा, ‘‘सूर्यकुमार जैसे बल्लेबाज की जरूरत चौथे नंबर पर रहती है। इससे विरोधी गेंदबाजों पर दबाव बनता हैं क्योंकि सूर्या को रन बनाने से रोकना आसान नहीं है।’’

 

 

 

 

 

 

 

#Sanjay Manjrekar

Source : Agency

पाठको की राय