Tuesday, October 20th, 2026

कुवैत के खिलाफ फीफा विश्व कप क्वालीफायर के लिये भारतीय टीम का ऐलान

भुवनेश्वर
कुवैत के खिलाफ छह जून को होने वाले विश्व कप क्वालीफाइंग मैच के लिये भारत की 27 सदस्यीय फुटबॉल टीम का ऐलान कर दिया गया है जिसमें फॉरवर्ड पार्थिब गोगोई और डिफेंडर मोहम्मद हम्माद चोट के कारण बाहर हैं जबकि अनुभवी स्ट्राइकर सुनील छेत्री का यह आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने कोलकाता में होने वाले मैच के लिये टीम का ऐलान किया।

भुवनेश्वर में 32 खिलाड़ी शिविर में थे जिनमें से पांच (फुरबा लाचेंपा, पार्थिब, इमरान खान, हम्मदाद और जितिन एमएस) को रिलीज कर दिया गया है। स्टिमक ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ये सभी काफी पेशेवर और मेहनती हैं। इनके बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है। पार्थिब और हम्माद को कुछ दिन पहले चोट लगी थी और उन्हें एक से दो हफ्ते आराम की जरूरत है।’’

बाकी खिलाड़ी भुवनेश्वर में अभ्यास करते रहेंगे और 29 मई को कोलकाता जायेंगे। कुवैत से उनका सामना विवेकानंद युवा भारती क्रीडांगन में छह जून को होगा। इसके बाद भारतीय टीम 11 जून को कुवैत में खेलेगी। भारत इस समय चार मैचों में चार अंक लेकर ग्रुप में दूसरे स्थान पर है।

इस मैच के साथ ही छेत्री अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के अलविदा कह देंगे जिन्होंने भारत के लिये सर्वाधिक 94 गोल किये हैं। यह उनका 151वां मैच होगा।

टीम :
गोलकीपर :
गुरप्रीत सिंह संधू, अमरिंदर सिंह, विशाल कैथ
डिफेंडर : अमय रणवाडे, अनवर अली, जय गुप्ता, लालचुंगनुंगा, मेहताब सिंह, नरेंदर, निखिल पुजारी, राहुल भेके, शुभाशीष बोस
मिडफील्डर : अनिरूद्ध थापा, ब्रेंडन फर्नांडिस, एडमंड लालरिंडिका, जैकसन सिंह, लालियांजुआला छांगटे, लिस्टन कोलासो, महेश सिंह नाओरेम, नंदकुमार शेखर, सहल अब्दुल समद, सुरेश सिंह
फॉरवर्ड : डेविड एल, मनवीर सिंह, रहीम अली, सुनील छेत्री, विक्रम प्रताप सिंह।

 

 

#FIFA World Cup qualifier against Kuwait

Source : Agency

पाठको की राय