Friday, October 23rd, 2026

Indian Railway: ट्रेन यात्रियों की फजीहत, 20 फीसदी ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी खत्म

भोपाल  
Indian Railway: ट्रेनों में यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों की इन दिनों जम कर फजीहत हो रही है। इसकी मुख्य वजह कुछ ओर नहीं बल्कि ट्रेनों में यात्रियों को कंफर्म बर्थ नहीं मिल रही। इतना ही नहीं भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना और संत हिरदाराम नगर स्टेशन से 24 घंटे में होकर गुजरने वाली करीब 300 में से 60 ट्रेनों के स्लीपर और सेकंड सीटिंग 2 एस श्रेणी में तो वेटिंग के भी टिकट नहीं मिल रहे हैं। ऐसी ट्रेनों में बर्थ उपलब्ध नहीं है। यात्रियों को विशेष ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन इनकी संख्या भी मांग के अनुरुप पर्याप्त नहीं है। वहीं किराया भी नियमित ट्रेनों से 15 फीसदी तक अधिक है। बर्थ की इतनी अधिक डिमांड हैं। इसके बावजूद रेलवे प्रबंधन रेल यात्रियों के लिए कुछ नहीं कर पा रहा।

इन ट्रेनों में वेटिंग
रानी कमलापति-रीवा विशेष ट्रेन, रानी कमलापति-रीवा नियमित ट्रेन, मुंबई की तरफ जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, अमरकंटक एक्सप्रेस, बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस, मैसूर-जयपुर एक्सप्रेस, भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस, गोवा एक्सप्रेस, भोपाल एक्सप्रेस, एपी एक्सप्रेस, केरला एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस आदि ट्रेनें।

इन ट्रेनों में मिल सकते हैं टिकट
भोपाल-सिंगरौली साप्ताहिक एक्सप्रेस, भोपाल-हावड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस, एसआरसी हमसफर एक्सप्रेस, भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस, भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस कम पैसेंजर और शताब्दी एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें हैं। जिनमें अभी भी कंफर्म बर्थ मिलने की संभावना है।

ऐसे देखें किस ट्रेन में मिलेंगे टिकट
रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। घर बैठे ट्रेनों में टिकट की उपलब्धता की जानकारी हासिल की जा सकती है। इसके लिए नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम एनटीईएस पर जाना होगा। इसमें संबंधित तारीख, स्टेशन डालकर ट्रेनों को खोज सकते हैं या फिर रेल सुविधा नंबर 139 पर काल कर सकते हैं। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन आईआरसीटीसी के पोर्टल व एप पर भी जाकर ट्रेन और उनमें बर्थ के संबंध में जानकारी ले सकते हैं। यात्री आनलाइन माध्यम से खुद टिकट भी बुक कर सकते हैं।

 

#Indian Railway

Source : Agency

पाठको की राय