Indian Idol 12: फिनाले से पहले चमकी इन 5 कंटेस्टेंट्स की किस्मत, मिले बड़े ऑफर्स
'इंडियन आइडल 12' (Indian Idol 12) जैसे-जैसे फिनाले के करीब पहुंच रहा है, लोगों के दिलों की धड़कनें बढ़ती जा रही हैं। हर कोई यह जानने को बेताब है कि इस सीजन की ट्रॉफी किसे मिलेगी। कौन 'इंडियन आइडल 12' का विनर (Indian Idol 12 winner) बनेगा? विनर अब चाहे जो भी बने, पर कुछ कंटेस्टेंट्स की किस्मत तो सच में खुल गई है और वो वाकई विनर भी बन गए हैं। आखिर उन्हें दर्शकों के साथ-साथ फैन्स का प्यार जो मिल रहा है। आज हम आपको बता रहे हैं कि इस सीजन के किस कंटेस्टेंट को बड़ा प्रॉजेक्ट या लॉन्च मिला है।
आशीष कुलकर्णी के लिए कंपोज करेंगे आदित्य नारायण
'इंडियन आइडल 12' से हाल ही बाहर हुए आशीष कुलकर्णी (Ashish Kulkarni) भले ही शो में न बने रह पाने पर दुखी हों, पर उनकी किस्मत जल्द ही पलटने वाली है। आशीष कुलकर्णी भले ही 'इंडियन आइडल 12' के फिनाले तक नहीं टिक पाए, पर उनके म्यूजिकल करियर के दरवाजे खुल गए हैं। सिंगर और 'इंडियन आइडल 12' के होस्ट आदित्य नारायण (Aditya Narayan) अब कंटेस्टेंट पवनदीप राजन (Pawandeep Rajan) के साथ मिलकर आशीष कुलकर्णी के लिए गाना कंपोज करेंगे।
आदित्य ने इसकी जानकारी अपनी (Aditya Narayan Instagram) इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट में दी। आदित्य नारायण ने आशीष कुलकर्णी की तस्वीर शेयर कर लिखा, 'कुल्कि मेरे भाई, तुम जानते हो कि मेरे दिल में तुम्हारे लिए बहुत प्यार है और मुझे तुम्हारी काबिलियत पर भी भरोसा है। मैं बहुत खुश हूं कि मैं तुम्हारे पहले गाने को पवनदीप राजन के साथ कंपोज करुंगा। और बहुत सारा म्यूजिक बनाना है साथ में। सपने देखते रहो, विश्वास रखो और हासिल करते रहो। इंडियन आइडल का स्टेज तुम्हें बहुत मिस करेगा।'
मोहम्मद दानिश को लॉन्च कर रहे हिमेश रेशमिया
वहीं हिमेश रेशमिया (Himesh Reshammiya) भी 'इंडियन आइडल 12' के कंटेस्टेंट मोहम्मद दानिश (Mohammad Danish) को अपने हिट एल्बम 'हिमेश के दिल से' (Himesh Ke Dil Se) के जरिए लॉन्च करने जा रहे हैं। हिमेश रेशमिया अपने इस एल्बम के दूसरे गाने से दानिश को म्यूजिक की दुनिया में लॉन्च कर रहे हैं। इस गाने को वह खुद ही कंपोज करेंगे। हिमेश रेशमिया ने अपने इंस्टाग्राम (Himesh Reshammiya Instagram) अकाउंट पर मोहम्मद दानिश के साथ एक तस्वीर शेयर कर इसकी जानकारी दी।
3 कंटेस्टेंट्स को लॉन्च कर चुके हिमेश रेशमिया
इससे पहले हिमेश रेशमिया 'इंडियन आइडल 12' के ही तीन कंटेस्टेंट्स- सवाई भट्ट (Sawai Bhatt), पवनदीप राजन और अरुणिता कांजीलाल (Arunita Kanjilal) को मौका दे चुके हैं।
'सांसें' गाने से सवाई भट्ट को मिला बड़ा मौका
हाल ही हिमेश रेशमिया ने अपने इसी एल्बम 'हिमेश के दिल से' के पहले गाने 'सांसें' से सवाई भट्ट को लॉन्च किया था। इस गाने को रिलीज होने के 2 दिनों के अंदर ही यूट्यूब पर 10 मिलियन व्यूज मिले और गाना ब्लॉकबस्टर हिट रहा।
हिमेश ने पवनदीप राजन, अरुणिता को किया लॉन्च
वहीं हिमेश रेशमिया ने अपने एक और म्यूजिक एल्बम 'मूड्स विद मेलोडीज़' (Moods With Melodies) के गाने 'तेरे बगैर' से अरुणिता कांजीलाल और पवनदीप राजन को लॉन्च किया था। वह गाना भी ब्लॉकबस्टर हिट रहा।

पाठको की राय