Monday, October 19th, 2026

Indian Army Jobs: 4 साल बाद कैसा होगा अग्निवीरों का करियर? सेना ने बताया, तैयारी भी कर ली पूरी

नई दिल्ली 

Indian Army Agniveer Jobs: सेना में अग्निवीरों के पहले बैच की ट्रेनिंग एक जनवरी से शुरू हो चुकी है और दूसरा बैच एक मार्च से आएगा। इस बीच अग्निवीरों के दूसरे करियर के लिए भी सेना ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। इसके तहत चार साल के बाद प्रत्येक अग्निवीर को आईटीआई के समकक्ष एक कौशल प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। कोई भी अग्निवीर ऐसा नहीं होगा जिसके पास सेना के दौरान हासिल किया हुआ कौशल प्रमाण नहीं हो। सेना की इस तैयारी से वे अटकलें खारिज होंगी जिनमें यह कहा जा रहा था कि सेवानिवृत्ति के बाद अग्निवीरों के लिए निजी सुरक्षा एजेंसियों में ही कार्य करने का एकमात्र विकल्प होगा।

सेना से जुड़े सूत्रों ने कहा, प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अग्निवीरों को सात सप्ताह का कार्य प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण उन्हें आवंटित कार्य पर निर्भर करेगा। यह आगे भी उनके करियर में भी काम आएगा। यदि किसी अग्निवीर की शिक्षा 12वीं तक पूरी नहीं है तो एनआईओएस के जरिये पूरा करने का मौका भी मिलेगा। हालांकि, चार साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को एक लघुकालिक कौशल प्रमाणपत्र जो छह महीने के पेशेवर प्रशिक्षण के समकक्ष होगा और एक दीर्घकालिक कौशल प्रमाण पत्र जो आईटीआई के समकक्ष यानी करीब दो साल के पेशेवर प्रशिक्षण के बराबर होगा, प्रदान किया जाएगा। ये प्रमाण पत्र नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) के मानकों के अनुरूप होगा। इसका मतलब यह हुआ कि वह भारतीय उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप और मान्य होगा। सूत्रों ने कहा कि प्रत्येक अग्निवीर के कौशल विकास प्रमाण पत्र से लैस होने से उसके लिए चार साल बाद दूसरा करियर आरंभ करने का ठोस आधार होगा।

कई और विकल्प भी
अग्निवीरों में से 25 फीसदी के नियमित सैनिक बनने के आसार होंगे। शेष 75 फीसदी कौशल प्रमाण पत्र लेकर निकलेंगे लेकिन इसके अलावा उनके लिए कई और विकल्प भी होंगे। जैसे गृह, रेलवे, रक्षा, इस्पात, नागरिक उड्डयन, पोत, शिपिंग की विभिन्न रिक्तियों में उनके लिए 10 फीसदी तक पद आरक्षित होंगे। इसके अलावा यदि कोई अग्निवीर अपना रोजगार करना चाहेगा तो मध्यम और लघु उद्योग मंत्रालय उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करेगा व मुद्रा योजना के तहत बैंक उन्हें कम ब्याज पर ऋण प्रदान करेंगे। यही तैयारियां वायुसेना और नौसेना में भी अग्निवीरों के दूसरे करियर के लिए आरंभ की जाएंगे।

अब तक 40 हजार भर्ती
अब तक सेना में 40 हजार अग्निवीरों की भर्ती हो चुकी है। वायुसेना और नौसेना में करीब आठ हजार अग्निवीर भर्ती किए गए हैं और उनका प्रशिक्षण आरंभ हो चुका है। सेना ने यह भी तय किया है कि अगले साल से मई और नवंबर में दो बार अग्निवीरों को सेना में शामिल किया जाएगा। भर्ती रैली से पूर्व अग्निवीरों को एक आनलाइन टेस्ट पास करना होगा। सेना ने अग्निवीरों के रिकॉर्ड रखने के लिए एक अलग से शाखा सेंट्रलाइज्ड अग्निवीर मैनेजमेंट ऑफिस (सीएएमओ) तैयार किया है।
 

 

#Indian Army Jobs

Source : Agency

पाठको की राय