Monday, October 19th, 2026

AFC U-17 Asian Cup में भारत को ग्रुप डी में जगह मिली

नई दिल्ली
भारत को 15 जून से दो जुलाई तक थाईलैंड में होने वाले एएफसी अंडर-17 एशियाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए ग्रुप डी में जापान, वियतनाम और उज्बेकिस्तान के साथ जगह मिली। ड्रॉ समारोह का आयोजन बैंकॉक में किया गया। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीम नॉकआउट चरण में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीम पेरू में होने वाले 2023 फीफा अंडर-17 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।

मुख्य कोच बिबियानो फर्नांडिस ने बयान में कहा, ‘‘ड्रॉ में हमें जिस ग्रुप में रखा गया है उसे लेकर हम सभी रोमांचित हैं। हमें स्तरीय विरोधियों का सामना करना होगा और खिलाड़ी इसे लेकर उत्सुक हैं। प्रत्येक फुटबॉलर हर स्तर पर सर्वश्रेष्ठ के खिलाफ खेलना चाहता है और जापान निश्चित तौर पर अभी एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीम में से एक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम पहले भी वियतनाम और उज्बेकिस्तान जैसी टीमों के खिलाफ खेल चुके हैं और हमने उनके खिलाफ कुछ अच्छे नतीजे हासिल किए इसलिए हमें उम्मीद है कि हम अपना लक्ष्य हासिल करेंगे जो (फीफा अंडर-17) विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय टीम बनना है।’’

एएफसी अंडर-17 एशियाई कप का आयोजन चार स्थलों पर किया जाएगा जिसमें बैंकॉक का राजमंगला स्टेडियम, पाथुम थानी का थमासत और बीजी स्टेडियम और चोनबुरी का चोनबुरी स्टेडियम शामिल है।

 

 

#AFC U-17 Asian Cup

Source : Agency

पाठको की राय