Thursday, October 22nd, 2026

World Cup 2023 का मजबूत दावेदार भारत नहीं - एरोन फिंच

नई दिल्ली

ऑस्ट्रेलिया की सीमित ओवरों की टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज एरोन फिंच ने इस बात की भविष्यवाणी की है कि कौन सी टीम भारत में होने वाले आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 की प्रबल दावेदार है। उन्होंने तीन टीमों का नाम लिया है, लेकिन इंग्लैंड को सबसे ऊपर रखा है। इसके पीछे का कारण भी इस ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ने बताया है। एरोन फिंच इस समय कमेंट्री की दुनिया में एक्टिव हैं।

ऑस्ट्रेलिया की टीम के पूर्व कप्तान एरोन फिंच ने बताया कि उनके हिसाब से इंग्लैंड की टीम सबसे प्रबल दावेदार है। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने कहा, "उनके (इंग्लैंड) पास आक्रामक बल्लेबाजी क्रम है। साथ ही गेंदबाजी में भी उनकी टीम काफी संतुलित है। जोफ्रा आर्चर बहुत खतरनाक हैं। टीम के पास स्पिन के भी अच्छे विकल्प हैं। उनके अलावा भारत भी मजबूत दावेदार है।"

उन्होंने ये भी माना, "भारत में भारत को हराना कभी आसान नहीं होता है। परिस्थितियों को वह अच्छी तरह से समझते हैं और इसमें खेलना का अनुभव तो उनके पास है ही। ऑस्ट्रेलिया भी मजबूत टीम है। अभी हमने यहां वनडे सीरीज जीती। मिचेल मार्श के शीर्ष क्रम में होने से टीम काफी मजबूत हुई है। और भी कई अच्छी टीमें हैं। किसी एक को चुनना काफी मुश्किल है, लेकिन मेरे अनुसार इंग्लैंड की टीम ही सबसे प्रबल दावेदार है।"


भारत की सरजमीं पर वर्ल्ड कप 2023 खेला जाना है, जिसकी शुरुआत अक्टूबर के पहले सप्ताह में होगी और फाइनल नवंबर के दूसरे सप्ताह में खेला जा सकता है। पिछले तीन वर्ल्ड कप टूर्नामेंटों को देखें तो मेजबान टीम जीतती आ रही है। ऐसे में भारत के पास अच्छा मौका है कि वे 2011 के बाद फिर से अपने देश में चैंपियन बनें।

 

 

#एरोन फिंच

Source : Agency

पाठको की राय