भारत पर पहले ही ठीकरा फोड़ किया इशारा, चीनी वायरस से तबाही के बीच LAC पर शैतानी करेगा ड्रैगन?
बीजिंग
चीन ने डेढ़ साल पहले दुनियाभर में कोरोना वायरस फैलाया, जिसके बाद भारत-अमेरिका समेत कई देश अभी तक इस महामारी से उबरने में कामयाब नहीं हो सके हैं। भारत में दूसरी लहर इस कदर हाहाकार मचा रही है कि जहां कुछ दिन पहले तक रोजाना दो लाख से ज्यादा नए केस सामने आ रहे थे, तो बुधवार को तकरीबन तीन लाख केस सामने आए हैं। इन सबके बीच, चीन सीमाओं पर अपनी चाल चलने की भी पूरी कोशिश कर रहा है। पिछले साल अप्रैल से वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चालबाजी दिखाने वाला चीन एक बार फिर से बॉर्डर पर शैतानी करने की फिराक में है। हालांकि, इस बार भी हर बार की तरह उसने उल्टा ठीकरा भारत पर ही फोड़ दिया है। चीन के प्रोपेगेंडा मीडिया हाउस ग्लोबल टाइम्स ने एक आर्टिकल लिखा है, जिसमें भारत में कोरोना के चलते खराब होती स्थिति और बॉर्डर को लेकर कई बातों का जिक्र है।
आर्टिकल में कहा गया है कि जैसे कि भारत में कोरोना महामारी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, देश (भारत) अपनी पुरानी ट्रिक्स को फिर से लागू कर सकता है। जैसे- बॉर्डर पर चीन और पाकिस्तान के साथ उकसावेपूर्ण हरकत करना आदि। ड्रैगन ने उल्टा भारत पर आरोप मढ़ते हुए दावा किया है कि लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भारत बॉर्डर पर ऐसी कार्रवाई कर सकता है। हालांकि, यह दुनियाभर के लगभग सभी देशों को मालूम है कि चीन अपनी विस्तारवादी नीति के तहत लंबे समय से किस तरह से उकसावेपूर्ण हरकतें करता आया है और बाद में दूसरे देशों पर ही आरोप लगाता रहा है।

पाठको की राय