Wednesday, October 21st, 2026

Ind Vs Wi: 4 बॉल ही खेल पाए विराट कोहली, फिर भी बनाया ये रिकॉर्ड

नई दिल्ली
भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच रविवार को खेले गए पहले वनडे मुकाबले में पूर्व कप्तान विराट कोहली का एक अलग अंदाज देखने को मिला. वेस्टइंडीज़ की टीम ने भारत को 177 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसका पीछा करने उतरी टीम को बढ़िया शुरुआत मिली. लेकिन रोहित शर्मा के आउट होने के बाद जब विराट कोहली बैटिंग करने आए तो वह जल्दबाजी में दिखे और सिर्फ 4 बॉल खेलकर आउट हो गए.   

कप्तान रोहित शर्मा के बाद जब विराट कोहली बैटिंग करने आए, तब पहली बॉल पर ही उन्हें बाउंड्री मिली. इसके बाद दूसरी बॉल पर विराट कोहली ने अपर कट खेला और चौका हासिल किया. तीसरी बॉल डॉट गई और चौथी बॉल को पुल करने के चक्कर में विराट कोहली बाउंड्री के पास अपना कैच पकड़वा बैठे.

विराट कोहली क्रीज़ पर आते ही एक अग्रेसिव अंदाज़ में दिखे, जहां उन्होंने पहली बॉल से ही स्कोर बनाने की ठानी. बता दें कि रोहित शर्मा के फुल टाइम कप्तान बनने के बाद विराट कोहली का उनके अंडर में ये पहला वनडे मैच रहा. रोहित के विकेट के तुंरत बाद जब टीम इंडिया को पारी को आगे बढ़ाने की जरूरत थी, तब विराट जल्दी विकेट गंवा बैठे.

विराट कोहली ने अपने नाम किया ये रिकॉर्ड
विराट कोहली ने 4 बॉल पर सिर्फ 8 रन बनाए और आउट हो गए. लेकिन इसमें भी उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में घरेलू धरती पर पांच हज़ार रन पूरे कर लिए हैं. महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बाद ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.

अहमदाबाद में खेले गए इस पहले मुकाबले में टीम इंडिया को 177 रनों का लक्ष्य मिला था. टीम इंडिया की ओर से युजवेंद्र चहल ने 4 विकेट लिए और उन्हें ही प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला. अगर बल्लेबाजी की बात करें तो कप्तान रोहित शर्मा ने 60 रनों की पारी खेली, अंत में सूर्यकुमार यादव और दीपक हुड्डा ने पारी को फिनिश किया.

 

#Ind Vs Wi

Source : Agency

पाठको की राय