Wednesday, October 21st, 2026

IND vs SA: दक्षिण अफ्रीकी बॉलरों के लिए सिरदर्द बने हनुमा विहारी, भारतीय टीम में मिल सकती है जगह

नई दिल्ली

न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई टेस्ट सीरीज के लिए नहीं चुने गए हनुमा विहारी ने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर सिलेक्टर्स को करारा जवाब दिया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ तीन अनऑफिशियल मैचों की टेस्ट सीरीज में तीसरी फिफ्टी जड़ते हुए भारत की वापसी कराई। उनकी और विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन की शानदार फिफ्टी की बदौलत भारत ए ने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट के दूसरे दिन छह विकेट पर 229 रन बना लिए।

दक्षिण अफ्रीका ए ने पहली पारी में 268 रन बनाए थे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर किशन 141 गेंद में 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 86 रन बनाकर खेल रहे थे, जबकि विहारी ने 170 गेंद में 63 रन बना लिए हैं, जिनमें छह चौके और एक छक्का शामिल है। इनके अलावा अभिमन्यु ईश्वरन ने 28 और सरफराज खान ने 14 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ पांच और देवदत्त पडीक्कल आठ रन बनाकर आउट हो गए।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर रहने वाले हनुमा को दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारत-ए टीम में शामिल किया गया था। उन्होंने यहां इस मौके को अच्छी तरह भुनाया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए दावा पेश किया है। विहारी जब पिछली बार भारत के लिए खेले थे, तो उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट का सामना करना पड़ा था। लेकिन जनवरी में सिडनी टेस्ट मैच में उन्होंने भारत को हार से बचाने में मदद की थी। इसके बाद भारत ने ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती थी। विहारी ने अपने करियर में अबतक केवल 12 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने घर में केवल एक ही टेस्ट खेला है।

दीपक-सैनी की जोरदार बॉलिंग
दक्षिण अफ्रीका ए पहले दिन के स्कोर सात विकेट पर 249 रन से आगे खेलते हुए अपने स्कोर में 19 रन ही जोड़ सकी। दक्षिण अफ्रीका-ए के लिए सरेल एर्वी ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाए। प्रोटियाज टीम को 268 रनों पर ही समेटने में भारतीय तेज गेंदबाजों का खास योगदान रहा। भारत के लिए तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने 45 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि नवदीप सैनी ने 51 रन देकर तीन विकेट लिए। इसके अलावा युवा सौरभ कुमार ने 52 रन देकर दो विकेट झटके।

 

#IND vs SA

Source : Agency

पाठको की राय