Wednesday, October 21st, 2026

IND vs SA : 'वेंकटेश अय्यर से ओपनिंग करवाओ', तीसरे वनडे के लिए पूर्व खिलाड़ी ने 4 बड़े बदलाव करने की दी सलाह

 नई दिल्ली  
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले दो मैचों में मिली हर के बाद टीम इंडिया टेस्ट के बाद वनडे सीरीज भी गंवा चुकी है। सीरीज का तीसरा वनडे मैच आज यानि के रविवार को केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में भारत के पास सिर्फ साख बचाने का मौका है और ऐसे में वह तीसरे मुकाबले में मेजबान टीम के हाथों क्लीन स्वीप होने से बचना चाहेगी। टीम इंडिया अंतिम वनडे में कुछ बड़े बदलाव के साथ मैदान पर उतर सकती है। बदलाव किस तरह का होना चाहिए, इसे लेकर पूर्व बल्लेबाज और मौजूदा समय में क्रिकेट कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने चार अहम बदलावों की सलाह दी है। मांजरेकर ने साथ ही वेंकटेश अय्यर को ओपनर के विकल्प के रूप में चुना है।

पूर्व बल्लेबाज मांजरेकर ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बातचीत में कहा, 'हमने शिखर धवन को देखा है। वह बड़े मैचों के लिए एक शानदार विकल्प हैं और उन्होंने अच्छी फॉर्म भी दिखाई है, तो आप उन्हें आराम दे सकते हैं। बल्लेबाजी क्रम में सूर्यकुमार यादव को शामिल किया जाना चाहिए। मध्यक्रम में सूर्यकुमार को फिट करने के लिए वेंकटेश अय्यर के साथ ओपनिंग कर सकते हैं। भुवनेश्वर कुमार की जगह दीपक चाहर को आना चाहिए। मैंने उन्हें श्रीलंका में देखा है और उन्होंने वास्तव में अच्छी गेंदबाजी की, इसलिए उन्हें एक मौका मिलना चाहिए।'
 
उन्होंने आगे कहा कि अगर आप जसप्रीत बुमराह को आराम देना चाहते हैं, तो आप प्रसिद्ध कृष्णा या मोहम्मद सिराज के साथ जा सकते हैं। अश्विन की जगह जयंत यादव को टीम में शामिल किया जा सकता है। अश्विन और जयंत यादव दोनों 10 ओवरों की गेंदबाजी करते हैं, लेकिन जयंत यादव बल्लेबाजी से भी प्रदर्शन दिखाने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि वह सूर्यकुमार यादव, दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्णा या मोहम्मद सिराज और जयंत यादव को आखिरी वनडे मुकाबले के लिए खेलता देखना चाहते हैं।

 

#IND vs SA

Source : Agency

पाठको की राय