Wednesday, October 21st, 2026

IND vs NZ: गौतम गंभीर और इरफान पठान ने अजिंक्य रहाणे पर साधा निशाना

 नई दिल्ली

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर्स गौतम गंभीर और इरफान पठान ने मिलकर अजिंक्य रहाणे पर निशाना साधा है। गंभीर का मानना है कि रहाणे बहुत भाग्यशाली हैं कि उन्हें अभी तक टीम में बने रहने का मौका मिल रहा है और साथ ही टीम की अगुवाई करने की जिम्मेदारी मिल रही है। वहीं इरफान पठान का मानना है कि इस टेस्ट सीरीज पर उनके प्रदर्शन पर जरूर सबकी निगाहें टिकी होंगी और उन्हें किसी भी हाल में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। रहाणे पिछले करीब एक साल से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ उनके बल्ले से ज्यादा रन नहीं निकले। रहाणे और चेतेश्वर पुजारा दोनों ही पिछले कुछ समय से अपनी बल्लेबाजी को लेकर आलोचकों के निशाने पर हैं। गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, 'मैं मानता हूं कि रहाणे बहुत भाग्यशाली रहे हैं, वह टीम की अगुवाई कर रहे हैं और शायद इसी लिए टीम में बने हुए हैं। जिस तरह की उनकी इंग्लैेंड सीरीज रही, उसके बावजूद टीम में बने रहना बड़ी बात है।' रहाणे ने इंग्लैंड में खेले गए चार टेस्ट मैचों में 15.57 के मामूली औसत से महज 109 रन बनाए थे।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच 25 नवंबर से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाना है। दो मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में विराट कोहली नहीं खेल रहे हैं, ऐसे में रहाणे टीम की कमान संभाल रहे हैं, दूसरा टेस्ट मुंबई में खेला जाएगा और उसमें टेस्ट कप्तान विराट कोहली की वापसी होगी। इरफान ने भी कहा कि रहाणे के प्रदर्शन पर जरूर सबकी निगाहें टिकी होंगी और उम्मीद है कि वह बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

 

#IND vs NZ:

Source : Agency

पाठको की राय