Thursday, October 22nd, 2026

IND vs NEP Asia Cup 2023: विराट कोहली के थ्रो से रोहित शर्मा तिलमिला उठे, पूर्व कप्तान ने तुरंत मांगी माफी

 नई दिल्ली

इंडिया वर्सेस नेपाल मैच में रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने दमदार बैटिंग की और बारिश से प्रभावित मैच में भारत को 10 विकेट से जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम एशिया कप 2023 के सुपर-4 में पहुंच गई है। नेपाल के खिलाफ इस मैच में भारतीय टीम ने भले ही एकतरफा जीत दर्ज की हो, लेकिन एक चीज ने कप्तान समेत टीम मैनेजमेंट की चिंता जरूर बढ़ा दी होगी। इस मैच के दौरान भारतीय टीम की फील्डिंग इतनी घटिया थी कि ऐसा लग रहा था कि गली क्रिकेट चल रहा हो। हाल यह था कि पहले पांच ओवर के अंदर की नेपाल के तीन कैच टपकाए जा चुके थे। कैच टपकाने वालों में श्रेयस अय्यर, विराट कोहली और ईशान किशन शामिल थे। अय्यर और विराट को बेस्ट फील्डरों में शामिल किया जाता है, वहीं ईशान किशन भी विकेट के पीछे काफी तेज रहते हैं। इतना ही नहीं पूरी मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों की सुस्ती के चक्कर में नेपाल को कम से कम 10-15 रन तो एक्स्ट्रा मिल ही गए थे। खैर इस दौरान एक ऐसी घटना हुई, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।

विराट कोहली ने एक थ्रो ऐसा दिया, जो रोहित शर्मा को सीधा जाकर पेट के नीचे लगा। रोहित शर्मा एकदम से दर्द से तिलमिला उठे, और विराट ने तुरंत हाथ उठाकर उनसे माफी भी मांग ली। रोहित इसके बाद कुछ देर दर्द में नजर आए। उनके चेहरे का मानो रंग ही उड़ गया था। खैर कुछ देर में वह बिल्कुल फिट दिखे और फिर उसके बाद उन्होंने जिस तरह से बल्लेबाजी की यह साफ हो गया कि इस थ्रो से उन्हें कोई ज्यादा चोट नहीं आई।

 

#IND vs NEP Asia Cup

Source : Agency

पाठको की राय