Thursday, October 22nd, 2026

IND vs ENG टेस्ट सीरीज का एक मैच IPL 2021 Part-2 के लिए हो सकता है कमः रिपोर्ट्स

 नई दिल्ली 
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के बचे हुए 31 मैच कब और कहां खेले जाएंगे, इसको लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसी खबरें आ रही हैं कि आईपीएल 2021 पार्ट-2 इंग्लैंड में खेला जा सकता है और इसके लिए भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को चार मैचों की टेस्ट सीरीज में तब्दील किया जा सकता है। इसको लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) या फिर इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

स्पोर्ट्स तक की खबर के मुताबिक भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज को चार टेस्ट मैचों में तब्दील करने से आईपीएल 2021 के पार्ट-2 का आयोजन इंग्लैंड में करना आसान हो सकता है। भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज 4 अगस्त से 14 सितंबर के बीच खेली जानी है, लेकिन अगर एक टेस्ट मैच इस सीरीज से कम कर दिया जाता है, तो टेस्ट सीरीज 6 सितंबर को खत्म हो जाएगी, ऐसे में बीसीसीआई को आईपीएल 2021 के बचे हुए 31 मैचों के लिए आठ दिन एक्स्ट्रा मिल जाएंगे। स्पोर्ट्स तक की खबर के मुताबिक बीसीसीआई और ईसीबी के बीच इसको लेकर बातचीत शुरू हो चुकी है और जल्द ही इसको लेकर फैसला लिया जा सकता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर आईपीएल 2021 के बचे हुए मैच 10-11 सितंबर से शुरू कर दिए जाते हैं, तो ऐसे में सभी मैच 30 सितंबर तक निपट जाएंगे। आईपीएल बायो बबल में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की कोविड-19 टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इस टी20 लीग को बीच में ही स्थगित करना पड़ा था। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के वरुण चक्रवर्ती, प्रसिद्ध कृष्णा, संदीप वॉरियर और टिम सीफर्ट कोरोना पॉजिटिव पाए गए। दिल्ली कैपिटल्स के सीनियर गेंदबाज अमित मिश्रा और सनराइजर्स हैदराबाद के ऋद्धिमान साहा कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कोच लक्ष्मीपति बालाजी और बैटिंग कोच माइक हस्सी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

 

#IND vs ENG

Source : Agency

पाठको की राय