Friday, October 23rd, 2026

चित्र भारती फिल्मोत्सव-2022’ का उद्घाटन शक्रवार को

भोपाल

भारतीय चित्र साधना के प्रतिष्ठित ‘चित्र भारती फिल्मोत्सव-2022 (सीबीएफएफ-2022)’ के शुभारंभ समारोह में प्रख्यात अभिनेता श्री अक्षय कुमार और सुप्रसिद्ध निर्देशक श्री विवेक अग्निहोत्री बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय बिशनखेड़ी के नवीन परिसर में शुक्रवार, 25 मार्च 2022 को शाम 6 बजे तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ किया जायेगा। विशेष अतिथि के रूप में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सुश्री ऊषा ठाकुर, भारतीय चित्र साधना के अध्यक्ष प्रो. बी.के. कुठियाला, एमसीयू के कुलपति प्रो. के.जी. सुरेश और आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री दिलीप सूर्यवंशी शामिल होंगे। फिल्मोत्सव में 25 से 27 मार्च तक देश के प्रतिष्ठित फिल्म निर्माता एवं कलाकार फिल्म निर्माण के क्षेत्र में आ रहे युवाओं के साथ अपने अनुभव भी साझा करेंगे।

प्रो. बी.के. कुठियाला ने बताया कि भारतीय चित्र साधना का उद्देश्य है कि भारत में बनने वाली फिल्में न केवल समाज का दर्पण बनें बल्कि समाज को दिशा देने का कार्य भी करें। सिनेमा के माध्यम से हमारी सोच और व्यवहार में परिवर्तन आता है। इसलिए हमारा दायित्व है कि ऐसी फिल्में प्रदर्शित हों, जो समाज के लिए हितकारी हों। फिल्म फेस्टिवल का लक्ष्य युवाओं के बीच फिल्म निर्माण को गति और दिशा देना है।

प्रो. कुठियाला ने बताया कि फेस्टिवल का समापन 27 मार्च को रवींद्र भवन के नवीन सभागार में किया जायेगा। मुख्य अतिथि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. लोगनाथन मुरूगन होंगे। प्रख्यात अभिनेता और पं. लख्मीचंद राजकीय प्रदर्शन एवं दृश्यकला विश्वविद्यालय, हरियाणा के कुलपति श्री गजेन्द्र चौहान, फिल्म निर्देशक श्री अभिनव कश्यप और श्री विवेक अग्निहोत्री बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।

‘चित्र भारती राष्ट्रीय लघु फिल्म फेस्टिवल’ का यह चौथा संस्करण है। प्रति दो वर्ष के अन्तराल पर यह आयोजन किया जाता है। इसकी शुरुआत मध्यप्रदेश से 2016 में इंदौर में हुई। उसके बाद 2018 में दिल्ली और 2020 में कर्णावती (अहमदाबाद) में यह फिल्म फेस्टिवल हुआ। फेस्टिवल से भोपाल और समूचे मध्यप्रदेश में फिल्म निर्माण का एक वातावरण बनेगा। फिल्म निर्माण के लिए मध्यप्रदेश सबसे अच्छे शहरों में से एक है। चित्र भारती के इस आयोजन से मध्यप्रदेश के युवाओं को अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन प्राप्त होगा। भारतीय चित्र साधना भारतीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाले सिनेमा को बढ़ावा दे रहा है। सिनेमा तेजी से लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने वाली इंडस्ट्री है। बदलते समय में ओटीटी जैसे नए प्लेटफॉर्म भी युवाओं को सिनेमा से जोड़ने में कारगर साबित हुए हैं। ओटीटी प्लेटफार्म पर सार्थक सिनेमा बनाने की बहुत संभावनाएँ हैं।

युवाओं को मास्टर क्लास में अनुभवों का मिलेगा लाभ

चित्र भारती फिल्म उत्सव में मास्टर क्लास में देश के प्रख्यात फिल्म निर्माता और कलाकार संबोधित करेंगे। पहले दिन 25 मार्च को सुप्रसिद्ध फिल्म निर्देशक श्री टी.एस. नागाभरण (कन्नड़), श्री सुभाष साहू (उड़िया) और श्री विवेक रंजन अग्निहोत्री (हिन्दी) मास्टर क्लास लेंगे। दूसरे दिन मराठी फिल्म निर्देशक प्रो.वामन केंद्रे, श्री शरत भट्टतिरिपदी और फिल्म समीक्षक श्री अनंत विजय की मास्टर क्लास रहेगी। अंतिम दिन 27 मार्च को महाभारत में सूत्रधार रहे और सुप्रसिद्ध आवाज के कलाकार डॉ. हरीश भिमानी मास्टर क्लास और दबंग जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक श्री अभिनव कश्यप ओपन फोरम में संवाद करेंगे। मास्टर क्लास में सहभागिता के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने चित्र भारती के मोबाइल एप्लीकेशन पर पंजीयन कराये हैं। यह एप्प एंड्राइड और आईओएस, दोनों ही प्लेटफार्म पर ‘Chitra Bharati’ नाम से उपलब्ध है।

तीन दिन में 120 फिल्मों का होगा प्रदर्शन

फेस्टिवल के लिए 22 राज्यों से 15 भाषाओं में 712 फिल्में प्राप्त हुईं थी। स्क्रीनिंग कमेटी ने 120 फिल्में प्रदर्शन के लिए चुनी हैं। चार अलग-अलग स्थलों पर फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा, जिनमें शार्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, एनीमेशन और कैंपस फ़िल्में शामिल हैं। इन फिल्मों के निर्माता एवं निर्देशक भी बड़ी संख्या में फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने आ रहे हैं।

 

 

#‘चित्र भारती फिल्मोत्सव-2022

Source : Agency

पाठको की राय